Wednesday, May 8, 2024
spot_img
Homeअन्यलोकसभा चुनाव 2024 के लिए हिमाचल से भाजपा के दो उम्मीदवार घोषित

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हिमाचल से भाजपा के दो उम्मीदवार घोषित

शिमला: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 की पहली सूची में शिमला और हमीरपुर से अपने दो उम्मीदवारों घोषणा की है। शिमला संसदीय क्षेत्र से वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से वर्तमान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने अपना राजनीतिक सफर बीडीसी सदस्य के रूप में शुरू किया था। श्री कश्यप वर्ष 2012 में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 2017 में वह दूसरी बार फिर उसी क्षेत्र से विधायक बने। वह 2019 में लोकसभा के लिए चुने गए।
भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर श्री कश्यप पर भरोसा जताते हुए उन्हें शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार घोषित किया है। श्री कश्यप वायुसेना में भी सेवा दे चुके हैं। 23 मार्च 1971 को सिरमौर जिले के पपलाहन में जन्मे सांसद सुरेश कश्यप वायुसेना में भी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पास लोक प्रशासन में एमफिल, अंग्रेजी और पर्यटन में स्नातकोत्तर, जनसंपर्क और संचार प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा है।
श्री ठाकुर वर्तमान में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री हैं। वह प्रदेश के हमीरपुर से चौथी बार संसद के सदस्य हैं। उन्होंने पहले वित्त और कॉर्पाेरेट मामलों के राज्य मंत्री (31 मई 2019 से 7 जुलाई 2021) के रूप में कार्य किया। संसद के भीतर, उन्होंने आईटी पर संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष और लोक लेखा समिति के सदस्य के रूप में कार्य किया है। 16वीं लोकसभा के दौरान, उन्हें लोकसभा के मुख्य सचेतक के रूप में नियुक्त किया गया, और वह इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बन गए।
उन्होंने डब्ल्यूटीओ की संसदीय समिति और संचालन समिति में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2016 में उन्हें 124 सिख रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट के पद पर प्रादेशिक सेना में एक नियमित अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था, जिससे वह नियमित अधिकारी के रूप में शामिल होने वाले पहले सेवारत भाजपा सांसद बन गए। उन्हें 2021 में कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया था। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे हैं और तीन बार नियुक्त होने वाले भाजपा के एकमात्र राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूदन सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन ने दोनों उम्मीदवारों को बधाई दी।
श्री ठाकुर एक उत्साही खेल प्रेमी हैं और उन्होंने एक खेल प्रशासक के रूप में खेलों में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है।
वर्ष 2019 में, उन्हें सांसद रतन पुरस्कार से सम्मानित किया गया, चौंपियंस ऑफ चेंज 2019 पुरस्कार से भी नवाजा गया और विश्व आर्थिक मंच और ग्लोबल फंड द्वारा ‘‘युवा वैश्विक नेता’’ के रूप में मान्यता प्राप्त है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments