Monday, May 6, 2024
spot_img
Homeकर्नाटकलोकसभा चुनाव में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है जद (एस)

लोकसभा चुनाव में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है जद (एस)

बेंगलुरू : कर्नाटक में लोकसभा चुनाव में जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) पिछले साल के राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के हाथों जबरदस्त हार का सामने करने के बाद अब अपने राजनीतिक प्रासंगिकता बनाये रखने की चुनौती से जूझ रहा है।
राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा-जद(एस) गठबंधन के खिलाफ खुलकर चुनाव मैदान में है। दूसरे चरण में कांग्रेस ने सभी 14 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि भाजपा ने 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये हैं। वहीं तीन सीटों हासन, मांड्या और कोलार में भाजपा-जद(एस) गठबंधन चुनाव मैदान में है।
जद(एस) के संरक्षक एवं पूर्व प्रधानमंत्री, एचडी देवेगौड़ा और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के लिए चुनावी जंग के केंद्र में उतर आये हैं। पार्टी के आधार को फिर से जीवंत करने और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी के अस्तित्व और पुनरुत्थान को सुनिश्चित करना उनका मकसद है।
भाजपा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए रैलियों और रोड शो को संबोधित करते हुए अभियान का नेतृत्व किया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी सक्रिय रूप से प्रचार किया है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा प्रचार अभियान में लगे हैं और पार्टी के एजेंडे को बढ़ावा दे रहे हैं।
कांग्रेस ने अध्यक्ष एम मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी सहित अपने दिग्गज नेताओं को पार्टी के अभियान का नेतृत्व करने और ऊर्जा देने के लिए तैनात किया है।
दूसरे चरण में 26 अप्रैल को राज्य के हासन, मांड्या , कोलार , उडुपी-चिकमगलूर, दक्षिण कन्नड़, चित्रदुर्ग, तुमकुर, मैसूर, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु उत्तर, बेंगलुरु सेंट्रल, बेंगलुरु दक्षिण और चिक्कबल्लापुर में मतदान होंगे। इस चरण में कर्नाटक के अधिकांश दक्षिणी और तटीय जिलों में कुल 247 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 226 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल हैं। सबसे अधिक 29 उम्मीदवारों के साथ चिक्काबल्लापुर सबसे आगे है। इसके बाद बेंगलुरु सेंट्रल में 24 उम्मीदवार हैं, जबकि दक्षिण कन्नड़ में सबसे कम नौ उम्मीदवार हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments