चंडीगढ़: पूर्व में हरियाणा के मुख्य संसदीय सचिव रहे रामपाल माजरा बुधवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में शामिल हुये और उन्हें पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की।
इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने प्रेस वार्ता में कहा कि जब इनेलो की स्थापना की गयी थी तब से ही श्री माजरा पार्टी से जुड़े थे। बीच में कुछ मतभेदों के कारण वह इनेलो से अलग हो गये थे, लेकिन अब वह फिर इनेलो से जुड़े हैं।
पार्टी ने उन्हें हरियाणा इकाई के अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी दी है, जो कि नफे सिंह राठी की कुछ समय पहले ही हुई हत्या के कारण खाली पड़ा था।
इनेलो नेता ने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी सरकार के हरियाणा मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सरकार को समर्थन देने वाले कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ पूर्व मंत्री अनिल विज समेत कई भाजपा विधायकों में भी नाराजगी है।