Monday, May 20, 2024
spot_img
Homeअन्यकांग्रेस का हर कार्यकर्ता जाएगा मंदिर, केंद्रीय नेतृत्व,निर्माण पूर्ण होने के बाद...

कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जाएगा मंदिर, केंद्रीय नेतृत्व,निर्माण पूर्ण होने के बाद चाहता है दर्शन : पटवारी

भोपाल: कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आमंत्रण ठुकराने पर हुए विवाद के बीच पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता मंदिर दर्शन को जाएगा और केंद्रीय नेतृत्व भी मंदिर निर्माण पूरा होने और विधिविधान से प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर दर्शन करना चाहता है।

राज्य कांग्रेस के अधिकृत एक्स हैंडल की ओर से की गई पोस्ट के अनुसार श्री पटवारी ने कहा कि हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाला हर साथी मंदिर के दर्शन करना चाहता है, हम भी करना चाहते हैं। पार्टी का केन्द्रीय नेतृत्व भी मंदिर निर्माण पूर्ण होने और विधि विधान से भगवान की प्राण प्रतिष्ठा होने के उपरांत दर्शन करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता मंदिर के दर्शन करेगा। पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि धर्म और आस्था को राजनीति में नहीं लाना चाहिए। धर्म और आस्था व्यक्तिगत विषय है। मंदिर निर्माण पूर्ण होने और प्रभु की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद मध्यप्रदेश से भी कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता दर्शन करने जायेंगे, कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में जायेंगे।

कांग्रेस की ओर से दो दिन पहले जारी किए गए बयान के अनुसार पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को 22 जनवरी को होेने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण प्राप्त हुआ था, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया है। इसके बाद से इस विषय पर विवाद शुरु हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments