लखनऊ : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में रहने वाले एनआरआई डॉक्टर अरुणाभ राय ने अपनी ईरानी पत्नी पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने पत्नी शूका अरबी पर एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉ. अरुणाभ ने बताया कि वह लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई के बाद वहीं रह रहे थे। इस दौरान उनकी शादी ईरान की राजधानी तेहरान के पास कराज की रहने वाली शूका अरबी से हुई। दोनों का एक बेटा रायान हुआ। कुछ समय बाद परिवार लखनऊ शिफ्ट हो गया।
लखनऊ शिफ्ट होने पर शुरू हुआ विवाद
यहां दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी। बाद में समझौता हो गया और दोनों शर्तों के साथ रहने लगे। उनका 6 साल का बेटा रायान सुशांत गोल्फ सिटी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र है।
डॉक्टर का आरोप है कि 30 जुलाई को जब वह अपनी मां के साथ जमशेदपुर गए थे, तब शूका ने साजिश के तहत बेटे का अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं, वह 20 लाख रुपए से अधिक के जेवरात भी ले गई। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



