Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeबिहारनाराजगी के बीच नीतीश कुमार ने BJP नेताओं को बुलाया:CM हाउस में...

नाराजगी के बीच नीतीश कुमार ने BJP नेताओं को बुलाया:CM हाउस में इमरजेंसी मीटिंग; जदयू सांसद अजय मंडल ने मुख्यमंत्री को भेजा इस्तीफा

पटना | NDA में सीट शेयरिंग हो गई है। बावजूद इसके गठबंधन में खींचतान जारी है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 9 सीटों के बंटवारे से नाराज बताए जा रहे हैं। जदयू ने इन सीटों पर बीजेपी से फिर विचार करने की मांग की है।

सूत्रों की माने तो नीतीश कुमार ने बीजेपी नेताओं को मुख्यमंत्री आवास बुलाया है। CM हाउस में मीटिंग होगी।

संभावना जताई जा रही है कि विवाद को शांत करने के लिए अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद आज यानी मंगलवार को पटना आ सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

इधर, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘नीतीश कुमार खुश हैं। वो NDA के लिए प्रचार करेंगे।’

वहीं, टिकट बंटवारे पर राय नहीं लेने से नाराज भागलपुर सांसद अजय मंडल ने नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा भेजा है।

सम्राट चौधरी ने गठबंधन में किसी भी तरह की तकरार से इनकार किया है। बताया जा रहा है कि, आज शाम को NDA की जॉइंट पीसी हो सकती है

NDA के बड़े नेताओं का एक जैसा पोस्ट

सीट शेयरिंग को लेकर तनातनी की खबरों के बीच NDA के बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर एक जैसी पोस्ट शेयर की है। जिसमें लिखा-‘एनडीए दलों में सीट संख्या का विषय सौहार्दपूर्ण बातचीत में पूरा हो चुका है। कौन दल किस सीट पर लड़ेगा यह चर्चा भी सकारात्मक बातचीत के साथ अंतिम दौर में है।’

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री नितिन नवीन, लोजपा (आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा जैसे कुछ नेताओं ने ये पोस्ट शेयर की है। हालांकि, जदयू और हम के किसी भी नेता ने ये पोस्ट शेयर नहीं किया है।

सोनबरसा,राजगीर सीट को लेकर JDU-LJP (R) में टकराव

इस बीच सोनबरसा सीट का मामला सुर्खियों में है। यहां से जदयू विधायक और मंत्री रत्नेश सदा को पार्टी ने दोबारा टिकट दिया है, जबकि इस सीट को पहले NDA की साझा लिस्ट में LJP (R) के खाते में बताया जा रहा था।

नीतीश कुमार ने सोमवार को खुद रत्नेश सदा को पार्टी सिंबल देकर यह साफ संदेश दिया कि जदयू अपने निर्णयों पर अडिग है। रत्नेश सदा मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे।

जदयू के एक नेता ने बताया कि राजगीर सीट चिराग के खाते में जाने से भी नीतीश कुमार खफा है।

CM हाउस के बाहर धरने पर जदयू विधायक

टिकट कटने की चर्चा के बीच JDU विधायक गोपाल मंडल समर्थकों के साथ सीएम हाउस के बाह धरने पर बैठ गए हैं।

उनका कहना है कि, ‘उनका टिकट काटने की साजिश हो रही है। सीएम हाउस में कुछ लोग बैठे हुए हैं जो उन्हें बेटिकट करना चाहते हैं।’

जदयू सांसद अजय मंडल ने नीतीश कुमार को भेजा इस्तीफा

भागलपुर से जदयू सांसद अजय मंडल ने सीएम नीतीश को अपना इस्तीफा भेजा है। अजय मंडल ने अपने इस्तीफे में लिखा है, ‘विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे में मेरी सलाह नहीं ली गई। इसलिए मैं अपने पद से इस्तीफा देता हूं।’

‘2019 में जिन सीटों पर मैंने कैंडिडेट्स बताए थे, उनकी जीत हुई थी। आज जब पार्टी के कुछ लोग मेरे ही लोकसभा में टिकट बांटने का काम कर रहे हैं और संगठन की अनदेखी कर रहे हैं, तब ये स्थिति दुखद है। मुझे आपसे मिलने तक नहीं दिया जा रहा है, न ही मेरी राय सुनी जा रही है।’

मुंगेर के तारापुर से चुनाव लड़ेंगे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वे 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तारापुर नामांकन कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल करेंगे।

उनके नामांकन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई अन्य बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

ये जानकारी सोमवार शाम सम्राट के भाई रोहित चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान लगभग 15,000 समर्थकों के जुटने की उम्मीद है और इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments