Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeराजस्थानमेयर बोलीं-भास्कर एप के सिविक इश्यू का समाधान हो रहा:रोज 60 से...

मेयर बोलीं-भास्कर एप के सिविक इश्यू का समाधान हो रहा:रोज 60 से 80 शिकायतों पर काम हो रहा; जयपुराइट्स के लिए सड़क-सीवरेज बड़ी परेशानी

जयपुर : जयपुर के अलग-अलग इलाकों से लोग दैनिक भास्कर के सिविक इश्यू प्लेटफॉर्म पर लगातार समस्याएं साझा कर रहे हैं। इनमें अतिक्रमण, खुले सीवरेज चैंबर, गंदगी, निराश्रित गोवंश और फुटपाथ मार्केट जैसी परेशानियां भी सामने आ रही हैं। इनके समाधान को लेकर अब नगर निगम ग्रेटर और हेरिटेज की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ काम में जुट गई हैं। लगातार समस्या का समाधान किया जा रहा है।

नगर निगम हेरिटेज मेयर कुसुम यादव ने बताया कि भास्कर के सिविक इश्यू के माध्यम से आ रही शिकायतों का हमारी टीम हर दिन समाधान कर रही है। रोड लाइट, सफाई, और गौवंश नियंत्रण जैसी सेवाएं निरंतर प्रक्रिया में हैं। कुछ जगह समस्याएं आती हैं, जिनका निस्तारण 24 से 48 घंटे में किया जा रहा है।

ग्रेटर नगर निगम मेयर सौम्या गुर्जर ने बताया कि भास्कर के माध्यम से जनता लगातार अपनी समस्याएं हम तक पहुंचा रही है। जोन स्तर पर हमारी टीम सक्रिय है। सैकड़ों शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। शेष पर तेजी से काम चल रहा है।

24 से 48 घंटे में ही कर रहे समाधान

जयपुर नगर निगम हेरिटेज मेयर कुसुम यादव ने कहा कि दैनिक भास्कर के सिविक इश्यू के माध्यम से आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर हेरिटेज निगम पूरी तरह से एक्टिव है। रोड लाइट से लेकर निराश्रित गौवंश को पकड़ने और शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए हम दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। हालांकि सफाई और लाइट की मेंटिनेंस सतत प्रक्रिया का हिस्सा है। इनमें कुछ जगह समस्याएं आ जाती हैं, जिनका समाधान हम 24 से 48 घंटे में ही कर रहे हैं।

सिरसी रोड… आदिनाथ नगर की सड़क पर अतिक्रमण

सिरसी रोड स्थित आदिनाथ नगर निवासी अनुज ने बताया कि पाल के बालाजी के नजदीक सड़क पर अतिक्रमण किया गया है। इससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

निवारू रोड निवासी आशीष ने कहा कि बिना अनुमति के हर गुरुवार को फुटपाथ मार्केट लगाया जाता है। इससे लालचंदपुरा और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम हो जाता है। उन्होंने इसे आमजन की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

तीन महीने से सीवरेज का ढक्कन टूटा है

प्रताप नगर निवासी केशव धाकड़ ने बताया- पिछले तीन महीने से सीवरेज का ढक्कन टूटा हुआ है। इसकी शिकायत पार्षद से लेकर निगम तक की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। यह खुला चैंबर बदबू और बीमारियों के साथ हादसे का खतरा बना हुआ है।

कृष्ण यादव ने बताया कि जमुनापारी इलाके में सड़कों पर गंदगी का अंबार लगा है, सफाई की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी और पार्षद ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास पिछले 20 दिन से गंदा पानी भरा हुआ

शिवरतन विजयवर्गीय ने बताया- सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पास पिछले 20 दिन से गंदा पानी भरा हुआ है। इससे मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। निगम प्रशासन की निष्क्रियता पर उन्होंने नाराजगी जताई। एसके शर्मा ने कहा कि मंदिर परिसर के आसपास दिनभर निराश्रित गोवंश घूमते रहते हैं। कई बार राहगीरों पर हमला भी कर चुके हैं। उन्होंने इन गौवंशों को शीघ्र पकड़ने की मांग की।

शुभम ने बताया कि इलाके में अस्थायी कचरा डिपो लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण बदबू फैली रहती है और निराश्रित पशु कचरे में प्लास्टिक खाकर बीमार पड़ जाते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments