Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeराजस्थानशेखावत बोले-कुर्सी के मोह में फैसला नहीं कर पाए गहलोत:अभी कांग्रेस के...

शेखावत बोले-कुर्सी के मोह में फैसला नहीं कर पाए गहलोत:अभी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होते; मां को गाली देना कांग्रेस के डीएनए का हिस्सा

जयपुर : केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- अशोक गहलोत जो कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं, थोड़ा सा राजनीतिक विचलन में चले गए, वरना अभी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होते।

शेखावत ने कहा- सत्ता के मोह में, कुर्सी के मोह में शायद अपने भविष्य के लिए सही या गलत का फैसला नहीं कर पाए। उन्होंने पीएम मोदी की मां को गाली देने पर उठे सियासी विवाद को लेकर कांग्रेस के साथ पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा-

मां एक संस्था है,उसके लिए ओछी टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। मुझे लगता है कि मां को गाली देना यह भी कांग्रेस के डीएनए का हिस्सा है। गहलोत ने भी इस तरह की टिप्पणियां मेरी मां के लिए की थी।

शेखावत ने कहा- पीएम की मां काे गाली दी गई। मां किसी की भी हो, उसके लिए इस तरह की टिप्पणी की जाए तो यह दुर्भाग्यपूर्ण,अनुचित और निंदनीय है। शेखावत ने जयपुर में मीडिया से बातचीत में ये बात कही।

पीएम की लोकप्रियता से विपक्षी नेताओं के पेट में दर्द होता है

शेखावत ने कांग्रेस नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा- देशहित में कोई भी फैसला हो, विपक्ष के नेताओं के पेट में दर्द होता है। प्रधानमंत्री की लोकप्रियता बढ़ाने के चलते उनके पेट में दर्द होना स्वाभाविक है। राजनीतिक फायदे के लिए इस तरह की टिप्पणियां करना, हर विषय में अपना राजनीतिक फायदा खोजना, यह इनकी चाल और चरित्र का हिस्सा है। उनके चेहरों को देश की जनता पहचान चुकी है और मुझे नहीं लगता कि अब इन पर जनता भरोसा करना चाहेगी।

जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहने वालों ने यू टर्न लिया

शेखावत ने कहा- जो लोग जीएसटी लागू होने से लेकर 2024 के चुनाव तक इसे गब्बर सिंह टैक्स की संज्ञा देते थे, खुले मंच से ऐलान किया करते थे कि जब कभी हमारी सरकार आएगी, तो इसे खत्म कर देंगे। वे लोग अब यू टर्न करके यह कहने लगे कि ये तो हमारे राहुल गांधी ने सुझाव दिया था। हालांकि उनकी सरकार कभी आने वाली नहीं है।

जीएसटी को रिस्ट्रक्चर करने से सभी को फायदा होगा

केंद्रीय मंत्री ने कहा- जीएसटी को रिस्ट्रक्चर करने से हर क्षेत्र को फायदा होगा। पर्यटन मंत्री होने के नाते अगर मैं बात करूं तो इस सेक्टर को बूस्ट मिलेगा। आम आदमी की जेब में टैक्स बचेगा। अर्थव्यवस्था का सिद्धांत है कि जब कभी भी लोगों के जेब में पैसा बचता है, इनकम होती है तो टूरिज्म बढ़ता है। लोगों का खर्च बढ़ाता है। कंज्यूमर और टूरिज्म दोनों ही सेक्टर में नया उछाल देखने को मिलेगा। अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी।

किसी मंच पर देशहित से समझौता नहीं हो सकता

शेखावत ने कहा- देश के हितों के साथ समझौता नहीं करेंगे। मोदी सरकार ने किसी दबाव में झुके बिना अपने संकल्प को सिद्ध करने के लिए मजबूती से काम किया, जिसका प्रभाव देख रहे हैं। दुनिया का कोई भी मंच हो, जी-20, G7 से लेकर कोई भी प्लेटफार्म जहां भारत है, वहां भारत के हितों के साथ किसी तरह का समझौता करके कोई निर्णय हो सके, यह अब संभव नहीं है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments