Saturday, March 7, 2026
spot_img
Homeअन्तराष्ट्रीयटैरिफ वार के बीच अगले महीने अमेरिका जा सकते हैं पीएम मोदी,...

टैरिफ वार के बीच अगले महीने अमेरिका जा सकते हैं पीएम मोदी, डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की संभावना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका के दौरे पर जा सकते हैं। वे संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की सालाना बैठक में हिस्सा ले सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी का यह दौरा सितंबर के आखिरी हफ्ते में हो सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरे का असली मकसद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मुलाकात कर व्यापार और टैरिफ से जुड़े विवाद सुलझाना है। इस दौरान दोनों नेता एक ट्रेड डील का ऐलान भी कर सकते हैं।

UNGA में मोदी के भाषण के लिए 26 सितंबर का वक्त तय है। मोदी इस दौरान ट्रम्प और अन्य नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात कर सकते हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी कहा है कि उनकी मोदी से मुलाकात सितंबर में UNGA के दौरान हो सकती है।

इस साल फरवरी में अमेरिका गए थे मोदी

मोदी ने इससे पहले फरवरी 2025 में अमेरिका का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस में ट्रम्प से मुलाकात की थी।

ट्रम्प ने टैरिफ मामले पर मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक टफ नेगोशिएटर (मोल-भाव करने वाला) बताया था। उन्होंने PM मोदी को अपना दोस्त बताते हुए कहा था कि वे अच्छा काम कर रहे हैं।

ट्रम्प ने भारत पर कुल 50% टैरिफ लगाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत पर 6 अगस्त को 25% एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया। उन्होंने इससे जुड़े एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए। यह आदेश 27 अगस्त से लागू होगा।

एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में कहा गया है कि रूसी तेल खरीद की वजह से भारत पर यह एक्शन लिया गया है। इससे पहले उन्होंने 30 जुलाई को भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान किया था। अब भारत पर कुल 50% टैरिफ लगेगा। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस कार्रवाई को गलत बताया है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अब इसके जवाब में भारत भी चुनिंदा अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर 50% तक टैरिफ लगाने पर विचार कर रहा है।

अगर ऐसा होता है, तो यह अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ पर भारत का पहला औपचारिक पलटवार होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments