विकास भवन के सभागार में महिलाओं से संबंधित मामलों की जनसुनवाई करते हुए सम्बंधित विभागों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
अधिकारीगण शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर करें निस्तारण, शिकायतकर्ता से रखें मधुर व्यवहार: मा0 राज्य महिला आयोग
गौतम बुद्ध नगर: राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में आज विकास भवन के सभागार में महिला कल्याण योजनाओं की समीक्षा एवं जनसुनवाई की आयोजित बैठक सम्पन्न हुई।
जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा महिलाओं से संबंधित प्रकरणों में की गई कार्रवाई की वर्तमान स्थिति से माननीय सदस्य को अवगत कराया गया।
मा0 सदस्य ने महिलाओं के हितार्थ संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र महिला उनके हितार्थ संचालित की जा रही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचे और लाभार्थियों को शत-प्रतिशत उनके अधिकार मिलें।
माननीय सदस्य द्वारा जनसुनवाई के दौरान कुल 12 महिलाओं की समस्याओं को सुना गया एवं संबंधित विभागाध्यक्षों से वार्ता कर निस्तारण के निर्देश दिए तथा लंबित चल रहे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट महिला आयोग, लखनऊ को भेजने के निर्देश दिए गए।
माननीय सदस्य ने कहा कि महिला सुरक्षा उत्तर प्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं के साथ मधुर, सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, एसीपी प्रंशाली गंगवार, जिला कार्यक्रम अधिकारी तरुण वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला दिव्यांगजन अधिकारी आशीष कुमार, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत माननीय सदस्य द्वारा 02 आंगनबाड़ी केंद्र एवं जिला कारागार कासना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माननीय सदस्य द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से संवाद किया एवं जिला कारागार में महिला बंदियों की समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए संबंधित अधिकारियों का आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये। निरीक्षण के दौरान जिला कारागार जेल अधीक्षक, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



