नई दिल्ली : अमित शाह मंगलवार को भारत के सबसे लंबे समय तक केंद्रीय गृह मंत्री रहने वाले व्यक्ति बन गए हैं। वे 2,258 दिनों से पद पर हैं। शाह ने 30 मई, 2019 को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में गृह मंत्री का कार्यभार संभाला था।
शाह ने गृह मंत्री का पहला कार्यकाल 9 जून 2024 को पूरा किया था। 10 जून, 2024 को वे फिर से गृह मंत्री बने और तब से इस पद पर हैं। गृह मंत्रालय के अलावा, वे देश के पहले सहकारिता मंत्री भी हैं। इससे पहले शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गुजरात के गृह मंत्री रह चुके हैं।
इत्तफाक से, शाह ने सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहने की उपलब्धि 5 अगस्त को हासिल की है। इसी दिन 2019 में, उन्होंने संसद में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 को निरस्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म हो गया था।
उन्होंने बतौर गृह मंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आडवाणी 19 मार्च, 1998 से 22 मई, 2004 तक, कुल 2,256 दिनों तक देश के गृह मंत्री पद पर रहे थे। आडवाणी के बाद कांग्रेस नेता गोविंद बल्लभ पंत सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहने वाले तीसरे व्यक्ति हैं।



