आगरा : आगरा में एक मिठाई की दुकान से लड्डू खरीद प्रसाद चढ़ाने वाले भक्त ने फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट में शिकायत की है। भक्त का आरोप है कि दुकानदार ने खराब लड्डू दे दिए। इसे खाने से उल्टी हुई। मिठाई की दुकान के संचालक ने माना है कि लड्डू खराब है। बदल कर दूसर ले जाओ। सिकंदरा क्षेत्र के रहने वाले यतेंद्र यादव ने खंदारी स्थित बीकानेर स्वीट्स से बुधवार को सुबह 8 बजे एक किलो बूंदी के लड्डू खरीदे। ऑनलाइन 580 रुपये का पेमेंट किया। लड्डूओं को प्रसाद के रूप में मंदिर में सिकंदरा के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में चढ़ाया। घर आकर प्रसाद परिजनों को दिया। उसमें से बदबू आ रही थी। परिजनों ने लड्डू को प्रसाद के रूप में खाया तो उल्टी होने लगी। यतेंद्र लड्डूओं का डिब्बा लेकर वापस दुकान पर पहुंचे। दुकान मालिक ने पूछा कि कब लेकर गए थे। लड्डूओं को सूंघा और स्वीकार किया कि लड्डू खराब हैं। दुकान मालिक ने कहा कि ताजा लड्डू ले जाओ।
कहीं शिकायत मत करना
यतेंद्र यादव ने बताया कि दुकान मालिक ने कहा कि कहीं शिकायत मत करना। ताजा लड्डू पैक करके दे देते हैं। यतेंद्र यादव ने फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। मांग की है कि दुकान के खिलाफ कार्यवाही की जाए। शिकायत के साथ ही वीडियो भी लगाया है।



