गौतमबुद्धनगर: जनपद गौतम बुद्ध नगर में श्रावण मास के दौरान चलने वाले कावड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए आज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने तहसील जेवर के ग्राम खेड़ा भाईपुर में स्थित प्राचीन नानकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सर्वप्रथम पूजा अर्चना कर, यात्रा मार्गो एवं तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

कावड़ मार्गों एवं मंदिर परिसर की ओर आने वाले मार्गो पर प्रकाश व्यवस्था रहे दुरस्त : डीएम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया की कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न हो। साफ सफाई, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए।
उन्होंने कावड़ मार्गों पर सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय की उपलब्धता एवं प्राथमिक उपचार केंद्रों की स्थापना की स्थिति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जनपद में कावड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रबंधकों के साथ बैठक करते हुये कहा कि कावड़ यात्रा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए उनके द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पूर्ण कर ली जाएं।

डीएम ने नानकेश्वर महादेव मंदिर ग्राम खेड़ा भाईपुर में श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इस अवसर पर जिलाधिकारी के साथ उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, एसीपी सार्थक सैंगर, वन विभाग से अनामिका, मंदिर समति के पदाधिकारीगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



