उत्तर प्रदेश: यूपी में मानसून जमकर बरस रहा है। वाराणसी में गंगा उफान पर है। हर घंटे 1 सेमी पानी बढ़ रहा है। यहां 10 से ज्यादा घाटों की सीढ़ियां डूब चुकी हैं। एक से दूसरे घाट पर जाने के लिए संपर्क मार्ग बंद हो चुके हैं। गंगा 62.62 मीटर पर बह रही है। यहां खतरे का निशान 71.262 है।
महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर पानी भर गया है। शवदाह 50 मीटर दूर ऊपर किया जा रहा। सामान्य दिनों में छत पर शवदाह बहुत कम होते थे, लेकिन आजकल नीचे जगह कम होने से छत पर ज्यादा शवदाह होने लगे हैं।
मिर्जापुर में लगातार बारिश से शनिवार दोपहर पहाड़ दरक गए। रीवा नेशनल हाईवे पर एक किमी के दायरे में 6 जगहों पर भूस्खलन हुआ। पहाड़ से मिट्टी, मलबा और पत्थर हाईवे पर आ गया। आज भी 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। 48 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी है। 24 घंटे में प्रदेश के 56 जिलों मे 6.1 मिमी बारिश हुई। इस सीजन अब तक 142.3 मिमी बारिश हो चुकी है। जो सामान्य से 13% ज्यादा है।



