Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeबिहार3 भाइयों की गोली मारकर हत्या

3 भाइयों की गोली मारकर हत्या

बक्सर में बालू गिराने को लेकर दो गुट भिड़े; गोलीबारी से पहले चले लाठी-डंडे
बक्सर। बक्सर में शनिवार की सुबह दो पक्षों में झड़प के बाद अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में 5 लोगों को गोली लगी है, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई।
वहीं, दो गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वाले सभी भाई हैं। जो जख्मी हैं, वो भी मृतकों के भाई हैं।
फायरिंग के बाद 2 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
वारदात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो गुटों में पहले लाठी-डंडे और पत्थरबाजी हो रही है। इसके बाद दूसरे गुट के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक मिनट के वीडियो में 12 बार गोली चलने की आवाज सुनाई दे रही है।
घटना राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में नहर किनारे की है। बताया जा रहा है कि बालू कारोबार को लेकर हुई लड़ाई के बाद बदमाशों ने गोलियां चलाई है।

लोगों ने आरोपी के घर को घेरा
मृतकों की पहचान विनोद सिंह यादव, सुनील सिंह यादव और वीरेंद्र सिंह यादव के रूप में की गई है। सभी नहर किनारे टहल रहे थे, तभी कार से आए दूसरे गुट के लोगों से लड़ाई हुई, फिर उन्होंने फायरिंग की।
घायल मंटू सिंह की हालत क्रिटिकल है, उनके पेट और पैर में गोली लगी है। वहीं पुंज सिंह यादव के पेट में गोली लगी है।
दोनों को पहले कोचस स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिर उनकी स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया है।
इधर, गांव के लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया है। एसपी शुभम आर्य, डीएसपी समेत 4 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने भीड़ को घर से हटाया। वारदात के बाद लोग में आक्रोश है, शव को उठाने नहीं दे रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments