माई भारत, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का राष्ट्रव्यापी आह्वान
आपात स्थितियों में सहायता के लिए लचीला स्वयंसेवी बल तैयार करने की पहल
सरल पंजीकरण प्रक्रिया माय भारत पोर्टल के माध्यम से संभव
गौतमबुद्ध नगर, जिला युवा अधिकारी गौतम बुद्ध नगर शिवेंद्र सिंह ने जानकारी दी है कि माई भारत, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 18 साल से ऊपर के युवाओं को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में नामांकन के लिए आमंत्रित किया गया है। यह राष्ट्रव्यापी आह्वान देश के युवा नागरिकों को आपात स्थितियों और संकट के समय राष्ट्रीय सेवा में भागीदारी का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक लचीला स्वयंसेवी बल तैयार करना है, जो प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं, सार्वजनिक आपात स्थितियों और अन्य अप्रत्याशित हालात में प्रशासन का समर्थन कर सके। यह बल बचाव अभियान, प्राथमिक चिकित्सा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और पुनर्वास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए, एक मजबूत समुदाय आधारित प्रतिक्रिया तंत्र की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। 18 साल के ऊपर युवाओं को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक बनने का मौका देकर सरकार न केवल उन्हें सशक्त बना रही है, बल्कि समाज की सुरक्षा प्रणाली को भी सुदृढ़ कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरल पंजीकरण प्रक्रिया माय भारत पोर्टल के माध्यम से संभव है। इच्छुक युवा https://mybharat.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 8527543111 पर संपर्क किया जा सकता है।