उत्तर प्रदेश : लखनऊ, नोएडा समेत यूपी के 10 शहरों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। लखनऊ में KGMU ट्रॉमा सेंटर और विधानसभा परिसर में पानी भर गया। गोमती नगर में कार सड़क पर डूब गई। बारिश के चलते आज 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। अलीगंज में 15 फीट सड़क धंस गई।
हाथरस में इतनी बारिश हुई है कि सड़कें तालाब बन गईं। मोहल्लों में घुटनों तक पानी भर गया है। हरदोई में एसडीएम आवास परिसर में पानी भर गया है। संभल में गंगा का जलस्तर बढ़ने से चिरवारी गांव के पास गंगा बांध कट गया। इससे 20 गांव पानी में घिर गए। सैकड़ों बीघा फसल पानी में डूब गई।
यूपी में एक महीने से बारिश का दौर जारी है। इससे 11 जिलों में बाढ़ है। 500 से ज्यादा गांव डूब चुके हैं। लोगों को साफ पानी के लिए 2 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने आज 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती, जालौन समेत 10 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया।
यूपी में अब तक 8% ज्यादा बारिश हुई
मंगलवार शाम IMD की ओर से जारी रिपोर्टर के मुताबिक, 24 घंटे में 5.2 मिमी बारिश हुई। वहीं, 1 जून से 12 अगस्त तक यूपी में 497.3 मिमी बारिश हुई, जो अनुमान 459.3 मिमी से 8% अधिक है।



