लखनऊ : लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (औषधि अनुभाग) और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपए मूल्य के प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन और पैकिंग सामग्री बरामद की।
कार्रवाई हनुमंत किराना एंड जनरल स्टोर के आवासीय परिसर पर की गई, जहां ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की अवैध पैकिंग यूनिट चल रही थी।
पूर्व से की जा रही रेकी और सर्विलांस के आधार पर 02 जुलाई को अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अमित कुमार नागर और सहायक आयुक्त (औषधि) बृजेश कुमार के निर्देशन में टीम ने छापा मारा। टीम में औषधि निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दिलीप तिवारी और एसटीएफ के अन्य अधिकारी शामिल रहे।
बरामद सामग्री का विवरण
टीम में छापेमारी में 2396 भरी बोतलें मिली है। हर बोतल में 180ML प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन, 77,900 भरे एम्प्यूल, हर एम्प्यूल में 2ML, 800 खाली बोतलें, रबर कैप, एल्युमिनियम सील, प्लास्टिक कूपियां, नमक के पैकेट और इंजेक्शन भरने वाले पाइप मिली है।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
टीम ने खगेश्वर पुत्र सुकई निवासी बसंत सिंह पुरवा, सीतापुर, अवधेश पाल पुत्र लीला पाल, निवासी बुद्धेश्वर मॉडल सिटी, लखनऊ, और अनमोल पाल पुत्र अवधेश पाल, निवासी मायापुरम्, लखनऊ को गिरफ्तार किया है।
सैंपल लिए गए, पूरी खेप सीज
औषधि निरीक्षक विवेक सिंह ने दो संदिग्ध इंजेक्शन के सैंपल परीक्षण हेतु संग्रहित किए हैं। बाकी समस्त सामग्री को फार्म-16 पर नियमानुसार सीज कर दिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना काकोरी में मुकदमा दर्ज किया गया है।



