Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशहाईवे साफ कर रहे 4 मजदूरों को कंटेनर ने रौंदा: 2 Km लंबा...

हाईवे साफ कर रहे 4 मजदूरों को कंटेनर ने रौंदा: 2 Km लंबा जाम लगा

आगरा : आगरा-दिल्ली हाईवे पर बुधवार को कंटेनर ने 4 मजदूरों को रौंद दिया। हादसे के समय मजदूर सड़क की सफाई कर रहे थे। तभी पीछे से आया तेज रफ्तार कंटेनर NHAI के वाहन से टकराया। इसके बाद लोगों को रौंदता हुआ डिवाइडर से जाकर लड़ा और रुक गया।

हादसे के बाद हाईवे पर चीख पुकार मच गई। कंटेनर की टक्कर के बाद लोग खून से लथपथ इधर-उधर पड़े थे। साथी मजदूर चीखने की आवाज सुनकर दौड़े। तब तक पुलिस भी पहुंच गई। साथी मजदूरों की मदद से पुलिस उनको लेकर पास के अस्पताल गई, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे में कंटेनर ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। उसे कई घंटों से होश नहीं आया है। 5 घायलों में 2 महिलाएं भी हैं। हादसा बुधवार शाम करीब 4 बजे सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने हुआ। इसके बाद हाईवे पर करीब 2 KM लंबा जाम लग गया।

सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने फ्लाईओवर के साइड में मजदूर बैरिकेडिंग लगाकर सफाई कर रहे थे। बैरिकेडिंग से पहले NHAI का वाहन भी खड़ा था। इसी बीच आगरा से मथुरा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक कंटेनर ने पहले NHAI के वाहन में तेज टक्कर मारी, इसके बाद 4 मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य मजदूर जान बचाने के लिए भागे। NHAI के वाहन में टकराने से कंटेनर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके ड्राइवर को भी चोट आई। हादसे के बाद ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने क्रेन से हटवाया वाहन

हादसे में (52) मिसरी, (25) शबनर, (40) महेंद्र और (27) उत्कल के साथ ही कंटेनर चालक मुकेश घायल हुआ है। पुलिस ने हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया। इसके करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।

इंस्पेक्टर नीरज शर्मा ने बताया- हाईवे पर सफाई के दौरान सिकंदरा मंडी के सामने हादसा हुआ है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंटेनर चालक भी घायल है। होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी। इस वजह से उसने नियंत्रण खो दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments