नारनौंद (हिसार) हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की मां परमेश्वरी देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 10 बजे उनके पैतृक गांव खांडा खेड़ी में किया जाएगा।
यह जानकारी कैप्टन अभिमन्यु ने खुद सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने लिखा- मेरी माता का प्रेम, त्याग और उच्च संस्कार परिवार व समाज के बीच सदैव अमिट रहेंगे। उनकी दी हुई सीख और आशीर्वाद हमेशा साथ रहेंगे।
9 भाई-बहन से कैप्टन अभिमन्यु
जानकारी के अनुसार, परमेश्वरी देवी के 6 बेटे और 3 बेटियां हैं। बेटों में रुद्रसेन, वीरसेन, व्रतपाल, कैप्टन अभिमन्यु, मेजर सतपाल और देव सुमन शामिल हैं। जबकि, बेटियों में दया, बिमला और मधु हैं।
परमेश्वरी देवी के पति मित्रसेन का पहले ही देहांत हो चुका है। वह आर्य समाज सेवा में अग्रणी थे। वह आर्य समाज से जुड़े रहे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिकाएं निभाईं। उनके कार्य को परमेश्वरी देवी आगे बढ़ा रही थीं।
अब परमेश्वरी देवी के निधन से गांव और क्षेत्र में शोक छाया हुआ है। कल उनके अंतिम संस्कार में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र की कई हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।
प्रदेश की राजनीति में कैप्टन अभिमन्यु का बड़ा नाम
हरियाणा की राजनीति में कैप्टन अभिमन्यु एक बड़ा नाम हैं। वह भाजपा की पहली सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और वित्त, राजस्व, आबकारी व कराधान जैसे बड़े विभाग संभाले। साफ-सुथरे प्रशासन और पारदर्शिता के लिए जाने जाते हैं।
गांव से निकलकर मंत्री बनने तक का सफर
कैप्टन अभिमन्यु का जन्म 18 दिसंबर 1967 को हिसार के खांडा खेड़ी गांव में हुआ। खेती-किसानी से जुड़े परिवार से आने वाले अभिमन्यु ने सेना से लेकर पत्रकारिता, शिक्षा और राजनीति तक हर क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने 1987 में सेना जॉइन की और 1 डोगरा रेजिमेंट में अफसर बने।
सेना में रहते हुए यंग ऑफिसर्स कोर्स, कमांडो कोर्स और गन्स एंड मिसाइल्स कोर्स जैसे प्रशिक्षण पूरे किए। 1989 में उन्हें “स्पेशल सर्विस मेडल (डेजर्ट)” मिला।



