Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरहमले के बाद दिल्ली CM रेखा गुप्ता को Z सिक्योरिटी:20+ हथियारबंद CRPF...

हमले के बाद दिल्ली CM रेखा गुप्ता को Z सिक्योरिटी:20+ हथियारबंद CRPF जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे, कल जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को केंद्र सरकार ने Z कैटेगरी की VIP सुरक्षा प्रदान की है। CM सिक्योरिटी में 22 से 25 हथियारबंद जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।

गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा अर्धसैनिक बल का VIP सिक्योरिटी ग्रुप करेगा। यह ग्रुप केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सोनिया-राहुल और प्रियंका गांधी की सुरक्षा में भी तैनात है।

दरअसल, CM रेखा पर 20 अगस्त की सुबह करीब 8.15 बजे जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला राजेशभाई खीमजी है, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था।

आरोपी को बुधवार रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। इसके बाद उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। राजेश पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

गुजरात में भी राजेश पर चाकूबाजी समेत 5 केस पहले से दर्ज हैं। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला। इंटेलिजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।

जनसुनवाई में शिकायतकर्ता बनकर पहुंचे राजेश ने सीएम को कागज देते समय उसने हमला किया। हमले में चोटिल सीएम रेखा के हाथ, कंधे और सिर पर चोटें आईं हैं। फिलहाल वे घर से काम कर रही हैं।

हमले से एक दिन पहले आरोपी ने रेकी भी की थी

आरोपी राजेशभाई ने हमले के पहले सीएम रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास की रेकी की थी। 19 अगस्त को CM के आवास में लगे CCTV कैमरों में आरोपी दिखा था। CCTV फुटेज में वह किसी से फोन पर बात करते हुए दिखाई दे रहा था। फिर फोन से लगातार CM आवास के बाहर रिकॉर्डिंग करता दिखा।

एक और CCTV फुटेज में वह मुख्यमंत्री के निजी आवास स्थित ऑफिस के अंदर बैठकर वीडियो रिकॉर्ड करता हुआ दिखाई दिया। सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से जनसुनवाई कार्यक्रम के दो वीडियो भी मिले हैं।

भाजपा ने AAP विधायक के साथ आरोपी की फोटो शेयर की

दिल्ली CM ऑफिस ने इस हमले को मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया है। वहीं, भाजपा विधायक हरीश खुराना ने घटना में आम आदमी पार्टी (AAP) के शामिल होने का दावा किया है। उन्होंने X पर गुजरात के AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ आरोपी की फोटो शेयर की।

AAP की गुजरात यूनिट ने फोटो को एडिटेड बताया और आरोप लगाया कि भाजपा ने AI के इस्तेमाल से गोपाल इटालिया के फोटो के साथ छेड़छाड़ की। इटालिया ने कहा कि उनके एक पुराने वीडियो से स्क्रीनशॉट्स लेकर उसे एडिट किया गया है। उन्होंने वीडियो का लिंक भी शेयर किया।

दिल्ली CM बोलीं- हमले के बाद सदमे में थी रेखा गुप्ता ने हमले के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘जनसुनवाई के दौरान मेरे ऊपर हुआ हमला दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के संकल्प पर कायराना प्रयास है। हमले के बाद सदमे में थी। अब बेहतर महसूस कर रही हूं।’

घटना पर BJP, कांग्रेस, AAP नेताओं के बयान

  • दिल्ली BJP के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर: 35 साल का कोई व्यक्ति जनसुनवाई में आया था। उसने CM को कोई दस्तावेज दिया। इसके बाद कुछ कहासुनी हुई। उसने हमला करने की कोशिश की। यह किसी ऐसी पार्टी का हो सकता है, जो हताश हो चुकी है।
  • दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख देवेंद्र यादव: घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। रेखा गुप्ता पूरी दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, कम है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को उजागर कर दिया है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं तो सामान्य पुरुष या महिला की सुरक्षा कैसे हो सकती है?
  • दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और AAP नेता आतिशी: रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
  • पूर्व भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी– रेखा जी को जनता से मिलने से रोकने के लिए यह एक साजिश के तहत किया गया। प्रधानमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से जनता से जुड़ने को कहा है। इससे विपक्ष में हताशा है। मुझे 100% यकीन है कि जांच से पता चलेगा कि आरोपी कांग्रेस, AAP या CPI से जुड़ा कार्यकर्ता था।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments