Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeहरियाणास्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा चाक चौबंद:होटल संचालकों को निर्देश, रेलवे स्टेशन पर...

स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा चाक चौबंद:होटल संचालकों को निर्देश, रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चलाया चेकिंग अभियान

फरीदाबाद : फरीदाबाद जिले में स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहरभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में ठहरने वाले लोगों की जांच के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया।

यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच

जीआरपी के डीएसपी राजेश चेची स्वयं टीम के साथ मौजूद रहे और प्लेटफार्म नंबर 1 से लेकर प्लेटफार्म नंबर 5 तक यात्रियों के सामान की बारीकी से तलाशी ली गई। हर प्लेटफार्म पर डॉग स्क्वॉड की मदद से बैग, ट्रॉली और अन्य सामान चेक किया गया, ताकि कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री स्टेशन परिसर में न आ सके।

होटल संचालकों को दिए निर्देश

डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि किसी भी बड़े त्योहार या विशेष अवसर से पहले यह अभियान अलग-अलग स्थानों पर चलाया जाता है। जिसमें होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट में ठहरने वाले लोगों की जांच की जाती है। होटल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई व्यक्ति संदिग्ध लगे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, उसके सभी दस्तावेज चेक करें और उनकी फोटो कॉपी जरूर लें।

संदिग्ध वस्तु या सामग्री बरामद नहीं

उन्होंने बताया कि मंगलवार को हुई चेकिंग में कोई भी संदिग्ध वस्तु या सामग्री बरामद नहीं हुई है। यह अभियान उच्च अधिकारियों के आदेश पर चलाया जा रहा है और आगे भी हर दूसरे-तीसरे दिन इसी तरह की चेकिंग जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments