नोएडा : नोएडा स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं से जुड़े कुछ डेवलपर्स ने अपने बकाए का भुगतान करना शुरू कर दिया है। लोटस ग्रीन कंस्ट्रक्शन के नेतृत्व वाले सेक्टर 150 स्पोर्ट्स सिटी परियोजना में कंसोर्टियम पार्टनर ब्रिक राइज़ डेवलपर्स ने 80 करोड़ रुपए जमा किए। नोएडा प्राधिकरण ने इसकी पुष्टि की है। यह भुगतान प्राधिकरण द्वारा मार्च में जारी नोटिसों के बाद किया गया। जिसमें डेवलपर्स को हाइकोर्ट ने फरवरी के आदेश का पालन करते हुए एक महीने के अंदर लंबित बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया गया था।
62 डेवलपर को जारी किए थे नोटिस
अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 150 स्पोर्ट्स सिटी के कई अन्य कंसोर्टियम ने भी बकाया जमा करने की इच्छा व्यक्त की है। प्राधिकरण द्वारा मांगे गए बकाया में लंबित प्रीमियम, प्रीमियम पर ब्याज, दंडात्मक ब्याज, लीज़ रेंट, टाइम एक्सटेंशन 64.7% अतिरिक्त मुआवज़ा राशि शामिल है।
नोएडा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि शहर की चार स्पोर्ट्स सिटी परियोजनाओं में विभिन्न डेवलपर्स को 62 नोटिस जारी किए गए हैं। इन परियोजनाओं पर प्राधिकरण का कुल मिलाकर 11,000 करोड़ रुपए बकाया है। ये नोटिस फरवरी- मार्च 2025 में जारी किए गए। इसी नोटिस के खिलाफ बिल्डर सुप्रीम कोर्ट गए। लेकिन वहां प्राधिकरण के पक्ष में फैसला आया।
हाइकोर्ट ने दिया था आदेश
दरअसल, उच्च न्यायालय ने 24 फरवरी 2025 को ने स्पोर्ट्स सिटी की चार में से तीन परियोजनाओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जांच के आदेश दिए। जिसमें भारी वित्तीय और नियोजन संबंधी अनियमितताओं का हवाला दिया गया। न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार की खंडपीठ ने 10 अलग-अलग फैसले सुनाए।



