लखनऊ : लखनऊ में एक सिपाही की अचानक मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना मंगलवार सुबह 6-7 बजे के बीच माल-रहीमाबाद में हुई। मृतक की पहचान सिपाही दीपक कुमार के रूप में हुई है। इन दिनों उनकी रहीमाबाद थाना में डायल-112 पर तैनाती थी।
अचानक सीने में हुआ दर्द, अस्पताल में 10 मिनट में तोड़ा दम
दीपक कुमार माल में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार सुबह करीब 6-7 बजे के बीच उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा। वह बाइक से सीएचसी पहुंचे। सीएचसी में तैनात डॉ. चंद्रप्रभा ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके करीब 10 मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई।
अकेले रहते थे दीपक
दीपक कुमार किराए के मकान में अकेले रहते थे। तबीयत बिगड़ने पर जब वह सीएचसी पहुंचे, तो डॉक्टर ने अकेले आने का कारण पूछा। किसी परिजन या साथी को बुलाने के लिए कहा। इस पर दीपक ने कहा कि सुबह-सुबह कौन आएगा? दवा दे दें।
पुलिस अधिकारी पहुंचे, परिजनों को दी गई सूचना
सीएचसी से दीपक कुमार की मौत की जानकारी माल थाने में दी गई। इस पर सहायक पुलिस आयुक्त मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे, इंस्पेक्टर नवाब अहमद और डायल-112 प्रभारी धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दीपक कुमार मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।



