गुना: गुना सांसद और केंद्रीय संचार व उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को गुना पहुंचे। यहां वे डाक विभाग द्वारा आयोजित सुकन्या समृद्धि योजना के पासबुक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने निजी खर्च से गुना संसदीय क्षेत्र की 886 बालिकाओं के खुलवाए गए खातों की पासबुक परिजनों को सौंपी।
सिंधिया ने कहा, मनुष्य का अस्तित्व ही मातृशक्ति की बदौलत है। हमें नारियों को सशक्त बनाना होगा ताकि वे अपना भविष्य खुद तय कर सकें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना के तहत देशभर में अब तक 3 करोड़ 60 लाख खाते खुले हैं, जिनमें 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा जमा हैं।

गुना संसदीय क्षेत्र की हर नवजात बेटी के लिए खाता
सिंधिया ने कहा, मैंने दो महीने पहले निर्णय लिया है कि 1 मई 2025 से 1 मई 2026 तक गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिले में जितनी भी बच्चियों का जन्म होगा, उनके सुकन्या खाते मैं अपनी निजी राशि से खुलवाऊंगा। उन्होंने बताया कि हर बालिका के खाते में 500 रुपए उनके द्वारा दिए जाएंगे ताकि उन्हें भविष्य में आर्थिक आधार मिल सके।
राजमाता विजयाराजे सिंधिया को किया याद
सिंधिया ने कहा, मेरी आजी अम्मा राजमाता विजयाराजे सिंधिया कहा करती थीं- जो हाथ पालना झुला सकते हैं, वे दुनिया को भी चला सकते हैं। उन्होंने बताया कि राजमाता ने शिक्षा के क्षेत्र में कई पहल की थीं, खासकर बेटियों की पढ़ाई के लिए। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर और कई शैक्षणिक संस्थाएं शुरू कराईं।
हिला सशक्तिकरण में आगे बढ़ रहा है मध्यप्रदेश
कार्यक्रम में सिंधिया ने कहा कि पिछले 15-16 वर्षों में मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटी के जन्म से लेकर विवाह और उसके बाद भी योजनाओं के जरिए साथ निभा रही है। 10वीं पास करने पर लैपटॉप, विवाह में कन्यादान योजना और बाद में लाडली बहना योजना के तहत 1250 रुपए प्रति माह की सहायता दी जा रही है।
पौधरोपण और बेटियों को सम्मान देने का संकल्प
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और डाक विभाग के अधिकारियों ने मिलकर पौधरोपण भी किया। सिंधिया ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के भविष्य को लेकर गंभीर हों और उन्हें हर संभव सहयोग दें।



