हनुमानगढ़: हनुमानगढ़ जंक्शन के गांधीनगर में सोमवार रात शटडाउन लेकर कार्य कर रहा एफआरटी का कर्मचारी झुलस गया। आरोप है कि किसी कर्मचारी ने बिना सूचना दिए विद्युत सप्लाई बहाल कर दी। मंगलवार को कार्यालय पहुंच एफआरटी कार्मिकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
गांधीनगर मोहल्ले में महादेव मंदिर के पास एबी केबल खराब हो गई थी। सोमवार रात करीब 8 बजे एफआरटी कर्मचारी प्रीतम और लक्की ने बाधित सप्लाई को ठीक करने के लिए कॉल कर गांधीनगर जीएसएस से 4 नंबर फीडर का शटडाउन लिया था। पूरे मोहल्ले की विद्युत सप्लाई बंद थी, लेकिन रात 8 बजे के करीब 10 मिनट के शटडाउन को कैंसिल किए बिना ही और बिना कोई सूचना दिए सप्लाई चालू कर दी गई। उस समय लक्की विद्युत पोल पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसे एलटी लाइन का करंट का झटका लग गया। प्रीतम ने तुरंत उसी नंबर पर दोबारा कॉल कर सप्लाई कटवाई और लक्की को एफआरटी की गाड़ी में अस्पताल ले गया। वहां उसका इलाज कराया गया।
इस घटना से आक्रोशित एफआरटी कर्मचारी मंगलवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता से मिले। उन्होंने बिना सूचना दिए विद्युत सप्लाई बहाल करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है। इस लापरवाही की वजह से एफआरटी कर्मचारी लक्की की जान भी जा सकती थी। उन्होंने मांग की कि दोषी कर्मचारी को तुरंत सस्पेंड किया जाए या हनुमानगढ़ से बाहर ट्रांसफर किया जाए।
सहायक अभियंता कुलदीप ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि लाइन चालू करने वाले कर्मचारी के शराब के नशे में होने की शिकायत मिली है, जिसकी भी जांच की जा रही है। इस मौके पर सोहनलाल, सतनाम, मांगीलाल, अमनदीप सिंह, जगजीत, मुकेश कुमार, अनिल, विशाल, सन्नी, नीरज, शेर सिंह, अंकुश सहित एफआरटी के कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे।



