मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत गाजियाबाद के विद्यालयों में बेटियों ने रचा नेतृत्व का नया अध्याय
गाजियाबाद | शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ के निर्देश पर जनपद गाजियाबाद में दिनांक 26 सितम्बर को ‘शक्ति कक्षा’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद के सीबीएसई, आईसीएसई एवं यूपी बोर्ड से जुड़े सरकारी व निजी विद्यालयों में एक साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि छात्राएं एक दिन के लिए शिक्षक एवं प्रधानाचार्य बनीं, और उन्होंने न सिर्फ शिक्षण कार्य किया बल्कि विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी भी अपने कंधों पर ली। बालिकाओं ने प्रार्थना सभा से लेकर कक्षा संचालन, उपस्थिति, शिक्षण, खेल गतिविधियों और स्वच्छता अभियानों का नेतृत्व किया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने जानकारी दी कि इस अवसर पर जनपद के 446 परिषदीय विद्यालय, 23 सहायता प्राप्त विद्यालय एवं 4 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। वहीं, 1241 प्राइवेट स्कूलों में भी ‘शक्ति कक्षा’ का आयोजन हुआ।
सीबीएसई/आईसीएसई के 190 विद्यालयों एवं यूपी बोर्ड के 236 विद्यालयों की कक्षा 9 से 12 की कुल 42305 छात्राओं ने इस अभियान में भागीदारी निभाई, जिन्होंने 1641 कक्षाओं में शिक्षण कार्य किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेन्द्र श्रीवास ने बताया कि इस अभिनव पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और टीम भावना का अभूतपूर्व विकास हुआ है। छात्राओं ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल उन्हें आगे बढ़ने और नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण भी किया गया और छात्राओं द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की गई।



