लुधियाना : पंजाब के लुधियाना में केन्द्रीय जेल में नशा सप्लाई करने वाले होमगार्ड के जवान को चेकिंग दौरान जेल प्रशासन ने काबू किया है। यह जेल में बंद कैदियों तक नशा सप्लाई करता था। आरोपी से अधिकारियों ने नशीली गोलियां और कैप्सूल भी बरामद किए है।
आरोपी काफी लंबे समय से जेल में डयूटी दे रहा है। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 85 NDPS एक्ट और 42,45 जेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया होमगार्ड
पुलिस को जानकारी देते हुए सहायक सुपरिटेडेंट केन्द्रीय जेल सुरिंदरपाल ने कहा कि जेल के अंदर चेकिंग दौरान पंजाब होमगार्ड के कर्मचारी सुखप्रीत सिंह पेटी नंबर 33434 से उन्हें 14 सफेद रंग की नशे की गोलियां, कैप्सूल, 3 पुड़िया खुली हुई कूल लिप और 1 पुड़िया तम्बाकू बरामद हुई है। पता चला है कि कैदियों से मोटी रकम हासिल करके आरोपी उन्हें नशा मुहैया करवाकर देता था।
जेल के सीनियर अधिकारियों को जब सूचना मिली तो उन्होंने ट्रेप लगाकर चेकिंग दौरान आरोपी सुखप्रीत को काबू किया है। सुखप्रीत गांव कम्मा थाना तहसील खन्ना रहने वाला है। आरोपी का पिछला रिकार्ड भी अब खंगाला जा रहा है।



