लखनऊ : लखनऊ में अब विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की महत्वाकांक्षी वरुण विहार योजना के तहत 5610 एकड़ क्षेत्र में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ-साथ लॉजिस्टिक पार्क और अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बुधवार को एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रस्तावित योजना स्थल का निरीक्षण किया और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
300 एकड़ में बनेगा लॉजिस्टिक पार्क
आगरा एक्सप्रेस-वे और किसान पथ से सीधे जुड़ने वाली इस योजना में 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क/ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। इससे न केवल क्षेत्र में आवासीय जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट और इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स
प्रस्तावित योजना में लगभग 800 एकड़ क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, वाटर बॉडीज और पार्क विकसित किए जाएंगे। इसमें एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स और सेंट्रल पार्क भी प्रस्तावित है, जो राजधानी की शहरी छवि को नया आयाम देगा।
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना में कुल 15 हजार से अधिक भूखण्ड विकसित किए जाएंगे, जिनमें आवासीय, व्यावसायिक और ग्रुप हाउसिंग शामिल होंगे। कुल मिलाकर यह योजना करीब 3 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराने की क्षमता रखती है।
25 सेक्टर होंगे शामिल, बनेगा आधुनिक आईएसबीटी
वरूण विहार योजना में कुल 25 सेक्टर बनाए जाएंगे, जिसमें ग्रिड पैटर्न पर सड़कें, भूमिगत केबल लाइन और अन्य स्मार्ट सुविधाओं का विकास होगा। योजना में एक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी।
किसानों से संवाद, भूमि क्रय में मिली सहमति
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दोना गांव में बने साइट ऑफिस पर अधिकारियों और अभियंताओं के साथ बैठक की और स्थानीय किसानों से संवाद किया। अधिकांश किसानों ने योजना के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए भूमि देने के लिए सहमति जताई।
किन गांवों की भूमि होगी शामिल?
यह योजना सदर और सरोजनीनगर तहसील के ग्राम — भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना की भूमि पर विकसित की जाएगी।



