रायपुर| छत्तीसगढ़ के रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर के एंग्लो रिकॉर्ड सेल के रूम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत गिरने से कमरे के अंदर रखी कई महत्वपूर्ण फाइलें मलबे और धूल में दब गईं। फिलहाल, प्रशासन ने कमरे को सील कर दिया है। मलबा हटाने का काम जारी है।
हालांकि, रविवार का दिन होने की वजह से हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां रोजाना सैकड़ों लोग कामकाज और अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं।
छत अचानक भरभराकर गिरी
जानकारी के मुताबिक कलेक्ट्रेट परिसर के कक्ष क्रमांक-8 की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय छुट्टी का दिन होने के कारण वहां कोई कर्मचारी और लोग मौजूद नहीं था। जिससे जनहानि नहीं हुई। छत गिरने से कमरे में रखी कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें मलबे और धूल में दब गईं।
मलबा हटाने का काम जारी
यह हादसा आंग्ल अभिलेख कोष्ठ के कक्ष में हुआ। सुबह अचानक तेज आवाज के साथ छत का बड़ा हिस्सा नीचे गिरा और कमरे में धूल का गुबार फैल गया। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और अधिकारियों को जानकारी दी। फिलहाल मलबे को हटाने और फाइलों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया गया है।
बताया जा रहा है कि, रायपुर कलेक्ट्रेट भवन की लंबे समय से मरम्मत नहीं की गई है। जर्जर हो चुकी इमारत में रोजाना सैकड़ों लोग कामकाज और अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं।
कर्मचारियों के पेंशन और पुराने गैजेट संबंधित रिकॉर्ड थे
एडिशनल कलेक्टर मनीष मिश्रा का कहना है कि, अंग्रेजी अभिलेख कक्ष में हादसा हुआ है। सूचना मिलते ही संबंधित लोगों को बुलाकर चीजों को व्यवस्थित किया गया। रिकॉर्ड को भी बाहर निकाल कर व्यवस्थित रखवाया जा रहा है। इस रूम में पुराने कर्मचारियों के पेंशन और पुराने गैजेट से संबंधित रिकॉर्ड थे। अब आगे जो भी उचित कदम होगा उठाया जाएगा।



