जयपुर: जालोर में आकाशीय बिजली गिरने से 52 साल के किसान की मौत हो गई। उधर, राजस्थान में बुधवार को तय समय से 7 दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो गई। उदयपुर और जोधपुर संभाग के जिलों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर, कोटा, अजमेर संभाग के जिलों में भी बरसात हुई थी। जैसलमेर, बीकानेर, बीकानेर, फलोदी और इसके आस-पास गर्मी तेज रही।
गुरुवार को प्रदेश के 5 जिलों (अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी और राजसमंद) में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उदयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और चित्तौड़गढ़ में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 27.5, अजमेर में 32.3, जयपुर में 32.8, सीकर में 31.5, बारां में 30.9, डूंगरपुर में 31, सिरोही में 28.9, प्रतापगढ़ में 29.4 और अलवर में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जालोर में आज 20 मिनट तक हुई बारिश
जालोर में गुरुवार की सुबह 6 बजे के आसपास करीब 20 मिनट तक रुक-रुककर अच्छी बारिश हुई। जालोर समेत जिले भर में पिछले 24 घंटों में औसत 6.7 एमएम बारिश हुई है। जालोर 11, आहोर 25, भाद्राजून में 19 जसवंतपुरा में 7 व सायला में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
इधर, जालोर जिले में भाद्राजून तहसील इलाके के निम्बला गांव में बुधवार शाम करीब 6 बजे बारिश के साथ बिजली गिरने से 1 किसान की मौत हो गई। भाद्राजून के तहसीलदार धमाराम ने बताया- दलाराम मीणा अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी बिजली गिर गई।
पिछले 24 घंटे में 2 इंच तक पानी बरसा
पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, पाली, जोधपुर, सिरोही, प्रतापगढ़ और कोटा के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। इन जिलों के कई इलाकों में 2 इंच तक पानी बरसा। इन सभी इलाकों में कल मानसून ने दस्तक दी।
पश्चिमी राजस्थान में पारा 43 तक पहुंचा
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश से गर्मी से राहत है। पश्चिमी राजस्थान में मौसम ड्राय होने से गर्मी फिर बढ़ गई। बुधवार को जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, फलोदी, बाड़मेर के एरिया में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार को सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 42.9, फलौदी में 41.4, श्रीगंगानगर में 40.2, बीकानेर में 39.5 और जोधपुर में तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



