गयाजी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गयाजी से बिहार के लिए 13000 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत की। मगध यूनिवर्सिटी के कैंपस में अपने 34 मिनट के भाषण में उन्होंने कांग्रेस और RJD पर निशाना साधा। सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं। आतंकवाद और घुसपैठ पर भी बात की।
PM ने कहा- ‘पहले जेल में बैठकर लोग फाइलों पर साइन करते थे। हम ऐसा बिल लेकर आए हैं, जिसके दायरे में PM भी है। गिरफ्तारी होते ही पद जाएगा।’
‘पहले बिहार में शाम को कहीं आना-जाना मुश्किल था। गयाजी जैसे शहर लालटेन राज में अंधेरे में डूबे रहते थे। न शिक्षा थी, न रोजगार था। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने पलायन के लिए मजबूर किया।’
‘राजद और उनके साथी बिहारियों को सिर्फ अपना वोट बैंक मानते हैं। उनके सुख दुख मान-सम्मान से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस के एक सीएम ने मंच से कहा था कि बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। बिहार के लोगों से इतनी नफरत, बर्दाश्त नहीं है।’
PM के मंच पर RJD के 2 विधायक प्रकाश वीर और विभा देवी भी मौजूद रहे। विभा देवी के पति राजबल्लभ यादव हाल में ही रेप केस में हाईकोर्ट से बरी होकर जेल से बाहर निकले हैं। निचली अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
PM के भाषण की 5 बड़ी बातें
हर गरीब को घर- मुझे जनता का सेवक बनकर उनके लिए काम करने में सबसे ज्यादा खुशी होती है। मेरा संकल्प है, जब तक हर गरीब को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच के साथ बीते 11 साल में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर दिए गए। केवल बिहार में 38 लाख से अधिक घर बने हैं।
आतंकियों को पाताल में दफना देंगे- बिहार की धरती पर लिया संकल्प कभी खाली नहीं जाता। पहलगाम आतंकी हमले के बाद मैंने यहां से आतंकियों को मिटाने का संकल्प लिया। दुनिया ने देखा कि ये पूरा हुआ। आतंकवादी चाहे पाताल में क्यों न छिप जाए, भारत की मिसाइलें उन्हें दफन कर के रहेगी।
RJD के लिए बिहारी वोट बैंक- लालटेन युग में गयाजी जैसे शहर अंधेरे में डूबे रहते थे। न शिक्षा थी, न रोजगार था। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इनलोगों ने पलायन के लिए मजबूर किया। राजद और उनके साथी बिहारियों को सिर्फ अपना वोट बैंक मानते हैं।
कांग्रेसियों को बिहारी से नफरत- कांग्रेस-राजद को जनता के पैसों से मतलब नहीं रहा। उनका मकसद रहा है, अपनी तिजौरी भरना है।जनता के सुख-दुख मान-सम्मान से कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस के एक सीएम ने मंच से कहा था कि बिहार के लोगों को घुसने नहीं देंगे। बिहार के लोगों से इतनी नफरत, बर्दाश्त नहीं है।
बिहार की डेमोग्राफी बदल रही- देश में घुसपैठियों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। बिहार की सीमावर्ती जिलों में डेमोग्राफी तेजी से बदल रही है। जिन चीजों पर भारत के लोगों का अधिकार है, उसपर डाका नहीं डालने देंगे। इसके लिए मैंने डेमोग्राफी मिशन की बात की है। हम घुसपैठियों को बाहर करके रहेंगे। कांग्रेस-राजद जैसे दल अपने वोट बैंक को बढ़ाने के लिए आपका हक घुसपैठियों को देना चाहते हैं।



