
गौतमबुद्धनगर | मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों, सीएमआईएस पोर्टल, विकसित उत्तर प्रदेश और फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों की डैशबोर्ड रैंकिंग संतोषजनक नहीं है, वे तुरंत सुधार करें और सभी योजनाओं की प्रगति समय-समय पर पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की मॉनिटरिंग सीधे शासन स्तर से होती है, इसलिए केवल सत्यापित और त्रुटिरहित आंकड़े ही अपलोड किए जाएं।
बैठक में ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, जिला पूर्ति, पशुपालन और समाज कल्याण जैसे विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। डॉ. द्विवेदी ने सभी निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँच सके।
फैमिली आईडी योजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने इसे हर परिवार के लिए एकीकृत पहचान प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विभागों को डेटा प्रविष्टि, सत्यापन और आधार एकीकरण शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
विकसित उत्तर प्रदेश पोर्टल की समीक्षा में उन्होंने कहा कि अपेक्षित संख्या में सुझाव अपलोड नहीं किए गए हैं। सुझाव प्राप्त करने की समय-सीमा अब 15 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने और सुझाव समय पर अपलोड कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, उपयुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, उप कृषि निदेशक राजीव कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश रावत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कुमुद चौधरी, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम सहित समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।



