नोएडा/मुंबई : मुंबई में गणेश उत्सव के बीच ब्लास्ट की धमकी देने वाले शख्स को उत्तर प्रदेश के नोएडा से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। 50 साल के आरोपी का नाम अश्विन कुमार सुप्रा है। बिहार के पटना का रहने वाला है और पिछले 5 साल से नोएडा में रह कर ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का काम करता था।
आरोपी ने गुरुवार देर रात मुंबई पुलिस को वॉट्सएप पर धमकी भरा मैसेज भेजा था। उसने लिखा था, ‘लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। आतंकियों ने 400 किलो RDX 34 गाड़ियों में फिट कर दिया है। वे बड़ा ब्लास्ट करने वाले हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है।’
धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस ने हाईअलर्ट घोषित कर दिया और क्राइम ब्रांच को जांच सौंपी। एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट थी। जांच के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच नोएडा पहुंची और सेक्टर-79 की सोसाइटी से आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी का मोबाइल जब्त, मुंबई ले जाया गया
क्राइम ब्रांच आरोपी को नोएडा से मुंबई ले गई है। पुलिस ने आरोपी का फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है।। इसके अलावा उसके पास से 4 सिम कार्ड होल्डर, 6 मेमोरी कार्ड होल्डर, एक सिम स्लॉट एक्सटर्नल, दो डिजिटल कार्ड बरामद हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अश्विन ने पूछताछ में मुंबई पुलिस को बताया कि साल 2023 में वह फ्रॉड के एक केस में पटना के जेल में तीन महीने रहा था। तब फिरोज नाम के एक व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिकायत की थी।
अश्विन ने बताया कि वह तब से ही फिरोज से बदला लेना चाहता था, इसलिए उसके नाम से मुंबई पुलिस को मैसेज भेजा था। हालांकि, फिरोज कौन है, फ्रॉड का क्या मामला था, ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
25 अगस्त: ठाणे में रेलवे स्टेशन पर बम की धमकी मिली थी
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 25 अगस्त को एक रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया था कि जांच के बाद यह धमकी झूठी निकली थी। मामले में 43 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी की पहचान रूपेश मधुकर रणपिसे के रूप में की गई थी।
मुंबई में हुए बड़े बम धमाके और आतंकी हमले…
12 मार्च 1993 – मुंबई सीरियल ब्लास्ट
- दिनभर में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, एयर इंडिया बिल्डिंग समेत 12 अलग-अलग स्थानों पर बम विस्फोट हुए। इसमें लगभग 257 लोग मारे गए और 700 से अधिक घायल हुए।
2 दिसंबर 2002 – घाटकोपर बस बम धमाका
- एक बस में विस्फोट हुआ, जिससे 2 लोगों की मौत और लगभग 50 घायल हुए।
27 जनवरी 2003 – विले पार्ले का साइकिल बम धमाका
- विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास एक बाजार में बम विस्फोट हुआ, 1 व्यक्ति की मौत और 28 घायल हुए।
13 मार्च 2003 – मुलुंड ट्रेन बम ब्लास्ट
- एक इलेक्ट्रिक ट्रेन के पहले क्लास के महिला डिब्बे में विस्फोट, जिसमें 10 लोग मरे और 70 घायल हुए।
28 जुलाई 2003 – घाटकोपर बस ब्लास्ट (दूसरी बार)
- बस में विस्फोट, जिससे 4 लोगों की मौत और 32 घायल हुए।
25 अगस्त 2003 – गेटवे ऑफ इंडिया और झवेरी बाजार में ट्विन बम विस्फोट
- दो जगहों पर कार बम विस्फोट हुए। गेटवे ऑफ इंडिया और झवेरी बाजार। इसमें लगभग 52 लोग मारे गए और 300 घायल हुए।
11 जुलाई 2006 – मुंबई लोकल ट्रेन बम धमाके
- शाम लगभग 6:24 बजे से 11 मिनटों में, वेस्टर्न लाइन की लोकल ट्रेनों में 7 धमाके हुए। इसमें 189 लोग मारे गए और 824 से अधिक घायल हुए।
26 नवंबर 2008 – मुंबई (26/11) आतंकवादी हमला
- शहर की ताज होटल, रेलवे स्टेशन और अस्पताल में आतंकी हमले हुए। इस हमले में लगभग 80 लोग मारे गए और 250 घायल, साथ ही गोलाबारी और बम विस्फोट हुए।
13 जुलाई 2011 – झवेरी बाजार, ओपेरा हाउस, दादर में तीन धमाके
- तीन अलग-अलग जगहों पर विस्फोट हुए। इसमें कम से कम 19 लोग मरे और 130 से ज्यादा घायल हुए।



