Saturday, September 21, 2024
spot_img
Homeअन्यमिजोरम में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, 16 लापता

मिजोरम में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, 16 लापता

रेमल तूफान के कारण बारिश से पत्थर की खदान ढही; असम में भी एक की मौत
आइजोल। पश्चिम बंगाल में रविवार (26 मई) को आए रेमल तूफान का असर अब नॉर्थ-ईस्ट में दिखने लगा है। मिजोरम में तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार सुबह 6 बजे आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लापता हैं।
मिजोरम के डीजीपी अनिल शुक्ला ने न्यूज एजेंसी को बताया कि अब तक 10 शव निकाले गए हैं। इनमें में सात स्थानीय लोगों के हैं, जबकि तीन दूसरे राज्यों के हैं। मलबे में कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन तेज बारिश के कारण इसमें दिक्कतें आ रही हैं।
इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के एक अन्य राज्य असम में भी आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।
स्कूल-सरकारी दफ्तर बंद, सीएम ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई
लगातार बारिश के कारण मिजोरम के सभी स्कूल और सरकारी दफ्तर आज बंद कर दिए गए हैं। प्राइवेट कंपनियों को अपने कर्मचारियों से घर से काम करवाने के लिए कहा गया है।
राज्य में कई और जगह भी लैंडस्लाइड हुए हैं। इसमें दो लोगों की मौत हुई। आइजोल के सलेम वेंग में लैंडस्लाइड के बाद एक इमारत पानी के साथ बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हैं।
पुलिस ने बताया कि हुनथर में नेशनल हाईवे-6 पर लैंडस्लाइड के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। राज्य के भीतर कई स्टेट हाईवे भी बंद हैं।
लगातार बारिश से नदियों का जल स्तर भी बढ़ रहा है। नदी के किनारे के इलाकों में रहने वाले कई लोगों को हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने राज्य में खराब मौसम को लेकर इमरजेंसी बैठक बुलाई है। इसमें गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और दूसरे बड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments