बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन का उद्घाटन, ₹9,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
आइजोल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर भारत को एक नई गति, नई दिशा और नया विश्वास देते हुए मिजोरम को भारत के रेल मानचित्र पर ऐतिहासिक रूप से जोड़ने वाली बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा “जिस मिजोरम को दशकों तक विकास की मुख्यधारा से दूर रखा गया, आज वह भारत की अग्रिम विकास पंक्ति में खड़ा है। अब मिजोरम को देखा जा रहा है, सुना जा रहा है और आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।”
हालांकि खराब मौसम के चलते प्रधानमंत्री मोदी आइजोल शहर तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने लेंगपुई एयरपोर्ट से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ₹9,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
पूर्वोत्तर अब ‘पॉलिटिकल बैकबेंचर’ नहीं, बल्कि ‘विकास का फ्रंट रनर’ है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने वोट बैंक की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक कुछ राजनीतिक दलों ने पूर्वोत्तर को केवल राजनीतिक चश्मे से देखा, लेकिन हमारी सरकार ने इस क्षेत्र को “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की आत्मा माना और भौगोलिक सीमा को विकास की सीमा नहीं बनने दिया।
मिजोरम को मिलीं ये ऐतिहासिक सौगातें:
बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन:
- आइजोल को पहली बार भारत के मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली लाइन
- व्यापार, पर्यटन और सामाजिक जुड़ाव को मिलेगा नया आयाम
- भविष्य में म्यांमार तक विस्तार की संभावनाएं
सड़क संपर्क के नए अध्याय:
- ₹500 करोड़ से अधिक की लागत से आइजोल बाईपास, थेनजोल-सियालसुक और खानकाउन-रोंगूरा रोड का निर्माण
- दुर्गम पहाड़ियों में आवागमन होगा सुगम
छिमटुईपुई नदी पुल:
- लॉन्ग्टलाई-सियाहा रोड पर पुल का शिलान्यास
- यात्रा समय में दो घंटे की कमी
- कलादान मल्टीमॉडल ट्रांजिट प्रोजेक्ट के अंतर्गत सीमा पार व्यापार को मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
खेलो इंडिया मल्टीपर्पज़ इंडोर हॉल – तुइकुआल:
- आधुनिक खेल सुविधाएं
- मिजोरम के युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने में मदद
- खेल के माध्यम से युवाओं के सपनों को मिलेगा संबल
एलपीजी बॉटलिंग प्लांट – मुआलखांग:
- 30,000 मीट्रिक टन वार्षिक उत्पादन क्षमता
- ईंधन आपूर्ति में आत्मनिर्भरता और स्थानीय रोजगार का सृजन
- पूर्वोत्तर राज्यों की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता
शिक्षा में समावेश और सशक्तिकरण:
- PMJVK योजना के अंतर्गत
- त्लांगनुआम में एकलव्य मॉडल स्कूल
- कवरथा में आवासीय विद्यालय का उद्घाटन
- स्कूल में आधुनिक कक्षाएं, छात्रावास, खेल मैदान और डिजिटल सुविधाएं
- 10,000 से अधिक आदिवासी बच्चों को मिलेगा समग्र शिक्षा का अवसर
राज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जताया आभार
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रधानमंत्री की पहल को “सीमाओं को जोड़ने वाला नहीं, दिलों को जोड़ने वाला कदम” बताया। उन्होंने कहा:
“11 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ने जो दृष्टिकोण प्रस्तुत किया था, आज वह धरातल पर उतर रहा है। यह रेल लाइन मिजोरम को देश ही नहीं, भविष्य में अंतरराष्ट्रीय व्यापार गलियारे से भी जोड़ेगी।”
राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां — जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) और मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) — ने भी इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्य के आर्थिक विकास, युवा सशक्तिकरण और समावेशी प्रगति के नए युग की शुरुआत है।
प्रधानमंत्री का पूर्वोत्तर दौरा: एक राष्ट्रीय संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी 13 से 15 सितंबर तक मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार का दौरा करेंगे। इस दौरान वे ₹71,850 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जो देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, ऊर्जा, सड़क, रेलवे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नया मानक स्थापित करेंगी।



