जैसलमेर: जैसलमेर में मानसून की दस्तक के साथ ही बिलों में पानी भर जाने से जहरीले जीव भी बाहर आने लगे हैं। जैसलमेर के जोसीड़ा गांव स्थित एक घर में कोबरा प्रजाति का सांप आने से सनसनी फैल गई।
घबराए ग्रामीणों ने स्नैक कैचर साहिल को मौके पर बुलाया। साहिल ने पानी की पाइप लाइन में बैठे सांप को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा। सांप को जंगल में छोड़ देने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
पाइप में छुपा था सांप
स्नैक कैचर साहिल ने बताया- जोसीड़ा गांव में एक कोबरा प्रजाति का जहरीला सांप ग्रामीणों को रोज दिखाई देता मगर पकड़ में नहीं आ रहा था। इस वजह से ग्रामीण भी काफी परेशान थे। बीती रात बताया गया कि सांप प्रभुराम के घर की पानी की पाइपलाइन में घुस गया है। तब मौके पर जाकर रात 1 बजे पानी निकासी वाले पाइप में पानी का प्रवाह कर सांप को बाहर निकाला और उसको सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सांप को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। इसके बाद सभी ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। साहिल ने बताया कि जमीन का जलस्तर बढ़ने और उमस की वजह से जहरीले जीव अपने बिलों से निकल रहे है। बिल से निकलकर वे लोगों के घरों और दुकानों में अपना आसरा ढूंढते हैं। इसलिए इनसे बचें और इनको मारे नहीं। ये पर्यावरण के लिए काफी जरुरी जीव हैं।



