गौतमबुद्धनगर : उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने आज नोएडा के शक्ति सदन गेस्ट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों, लीड बैंक प्रबंधक और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मत्स्यपालन क्षेत्र में रोजगार सृजन, किसानों और उद्यमियों को योजनाओं से जोड़ने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई।
मंत्री ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
डॉ. संजय कुमार निषाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि मत्स्यपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर मत्स्यपालकों और किसानों तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विभागीय योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री मत्स संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य योजना, नील क्रांति मिशन, निशाद राज योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बनाए रखने और उन्हें समय पर लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को मत्स्यपालन के अनुकूल जलाशयों और तालाबों के पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने तथा लीड बैंक प्रबंधक को ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने का निर्देश भी दिया गया।
मत्स्यपालकों को मिल रही सुविधाएँ
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मत्स्य पालक कल्याण कोष के तहत मत्स्यपालकों को चिकित्सा सहायता, शिक्षा सहायता, बीमा, प्रशिक्षण और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अब तक मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना में 8, निशाद राज योजना में 2, प्रधानमंत्री मत्स्य संवीदा योजना में 15 और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना में 242 लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जा चुका है।
मंत्री ने कहा कि सरकार मत्स्यपालन क्षेत्र को आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजबूत स्तंभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मत्स्यपालकों को तकनीकी, वित्तीय और विपणन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य मत्स्य अधिकारी आशीष मौर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद मंत्री ने मीडिया से संवाद कर सरकार की प्राथमिकताओं और मत्स्यपालन क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की।



