Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeउत्तर प्रदेशभ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी जिंदगी – जनता दरबार पहुंचने से पहले ही...

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी जिंदगी – जनता दरबार पहुंचने से पहले ही खत्म हो गई कहानी

ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर विभाग मांग रहा था 70% खर्चा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। मुख्यमंत्री आवास से महज 100 कदम दूर एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस और प्रशासन के सामने उसने अपनी आखिरी सांसों में कहा – “मैं बिजली विभाग के अधिकारियों से परेशान हूं।”

सुबह करीब 9:20 बजे बुलंदशहर जिले के ततारपुर निवासी अजय शर्मा लामार्ट्स चौराहे पर लड़खड़ाते हुए पहुंचे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से वह जोर-जोर से चिल्लाए कि उन्होंने जहर खा लिया है। तुरंत उन्हें सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां ढाई घंटे इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।

बिजली विभाग से जूझते-जूझते मौत तक

अजय शर्मा ने 2014 में आटा चक्की लगाई थी। कुछ महीने पहले ट्रांसफॉर्मर जल गया। बार-बार शिकायत करने पर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन वह भी एक घंटे में फुंक गया।

इसके बाद महीनों से अजय विभाग के चक्कर काटते रहे, लेकिन ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया। आरोप है कि विभाग के अफसर उनसे मरम्मत के नाम पर 70% खर्चा मांग रहे थे।

निराश और आहत अजय ने सोचा कि शायद मुख्यमंत्री से जनता दरबार में मिलकर न्याय मिल सके। लेकिन सीएम आवास पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी खत्म हो गई।

परिवार की व्यथा : मुकदमा और मजबूरी

अजय के बेटे मोहित ने बताया कि खराब ट्रांसफॉर्मर के बाद बिजली विभाग ने उल्टा उनके पिता पर बिजली चोरी का मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। यह केस फिलहाल कोर्ट में लंबित है।

पत्नी अनीता ने कहा कि अजय उनसे पिछले छह साल से अलग रहकर आटा चक्की चला रहे थे। सोमवार को अचानक घर से निकले और जाते-जाते अपना मोबाइल ईंट से तोड़ दिया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह लखनऊ जाकर ऐसा कदम उठा लेंगे।

विभाग का सफाई बयान

बुलंदशहर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार पांडेय ने कहा –
“यह उपभोक्ता सीधे मुझसे कभी नहीं मिला। जांच कराई जा रही है। यदि किसी अधिकारी/कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई होगी।”

यह घटना कई सवाल छोड़ गई है – क्या व्यवस्था इतनी कठोर है कि इंसान सीएम आवास तक पहुंचकर भी अपनी व्यथा सुने जाने से पहले दम तोड़ दे?

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments