पटना : बिहार के लिए एक ऐतिहासिक दिन—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के खातों में सीधे ₹10-10 हजार की राशि ट्रांसफर की गई। इस मौके पर उन्होंने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण, सुशासन और बिहार के विकास पर जोर दिया।
जनधन योजना से आत्मनिर्भरता तक की उड़ान
PM मोदी ने कहा, “अगर जनधन योजना के तहत 30 करोड़ से ज्यादा माताओं-बहनों के बैंक खाते न खुलवाए होते, तो आज ये पैसे सीधे आपके खातों में नहीं पहुंच पाते। पहले योजनाओं का पैसा लूट लिया जाता था, अब पूरा पैसा सीधे आपके पास पहुंचता है। एक पैसा भी कोई नहीं मार सकता।”
“आपके दो भाई—नरेंद्र और नीतीश—आपकी समृद्धि के लिए काम कर रहे हैं”
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से भावनात्मक जुड़ाव जताते हुए कहा, “एक भाई तभी खुश होता है, जब उसकी बहन खुशहाल हो, स्वस्थ हो और उसका परिवार सुरक्षित हो। आज बिहार की बहनों के लिए आपके दो भाई—नरेंद्र और नीतीश—मिलकर काम कर रहे हैं।”
“कानून का राज लौटा, बेटियां बेखौफ निकलीं घर से”
बिहार में बदलते हालात पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज राज्य में बेटियां न केवल पढ़-लिख रही हैं, बल्कि फोर्स और लड़ाकू विमान उड़ाने जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बीते वर्षों की तुलना करते हुए कहा, “राजद के शासन में अराजकता और नक्सलवाद चरम पर था। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जिसका सबसे ज्यादा खामियाजा महिलाओं को उठाना पड़ा। लेकिन आज कानून का राज लौटा है और सबसे ज्यादा राहत महिलाओं ने ही महसूस की है।”
जीविका दीदियों से संवाद: मुस्कुराए पीएम
भोजपुर की रीता देवी और गया की नूरजहां खातून जब मंच से अपनी बात रख रही थीं, तो प्रधानमंत्री मुस्कुरा उठे। रीता देवी की तेज-तर्रार बातों पर हंसते हुए पीएम बोले, “आपने तो इतनी योजनाएं गिनवा दीं!” वहीं नूरजहां खातून से उन्होंने अपील की, “आप हर हफ्ते 50 दीदियों को इकट्ठा कर अपनी कहानी साझा करें, ताकि और महिलाएं प्रेरणा ले सकें।”
नीतीश कुमार का पलटवार: “हमने जनता के लिए काम किया, उन्होंने परिवार के लिए”
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी ऑनलाइन जुड़े और पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, “2005 से पहले किसी ने बिहार की परवाह नहीं की। जब से हमारी सरकार बनी, हमने कानून का राज स्थापित किया, महिलाओं को सशक्त किया और राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया।”
लालू यादव पर तंज कसते हुए नीतीश ने कहा, “जब वो हटे तो पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। हमने जनता के लिए काम किया, न कि सिर्फ अपने परिवार के लिए।”



