Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडाभाई का दोस्त बनकर ठगे 1.89 लाख:महिला के खाते में रकम भेजने...

भाई का दोस्त बनकर ठगे 1.89 लाख:महिला के खाते में रकम भेजने के लिए मांगी डिटेल, मोबाइल हैक किया

नोएडा : भाई के कहने पर बहन के खाते में रकम भेजने का झांसा देकर साइबर जालसाज ने एक महिला के साथ एक लाख 89 हजार रुपए की ठगी कर ली। बैंक और खाते संबंधी जानकारी हासिल करने के बाद ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर फेज दो थाने की पुलिस ने गौरव सहरावत नाम के व्यक्ति को नामजद करते हुए केस दर्ज किया है।

भाई का दोस्त बनकर मांगी डिटेल

शिकायत में सेक्टर-93 स्थित एटीएस विलेज सोसाइटी निवासी कामिनी शर्मा ने बताया कि 24 जुलाई को रात सवा आठ बजे के करीब उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से किसी गौरव नाम के व्यक्ति की कॉल आई। उसके खुद को बैंक का कर्मचारी बताया और भाई के कहने पर महिला के खाते में पांच हजार रुपए ट्रांसफर करने की बात कही। इसके बदले में महिला से यूपीआई और बैंक खाते का विवरण मांगा गया। इसे महिला ने साझा कर दिया।

बोला गलती से चले गए 50 हजार ट्रांसफर

पांच मिनट बाद कथित गौरव की फिर से कॉल आई और कहा कि गलती से उसने पांच हजार की जगह पचास हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं। इस दौरान महिला के मोबाइल पर पचास हजार रुपए मिलने का मैसेज भी आया। गौरव महिला पर अतिरिक्त 45 हजार रुपए वापस करने का दबाव बनाने लगा। महिला उस समय मीटिंग में थी ऐसे में उसने आनन फानन में 45 हजार रुपए का भुगतान किया, पर पहली ही ट्रांजैक्शन फेल हो गई। इसके बाद महिला ने पांच और दस हजार रुपए करके भेजा, इसपर भी ट्रांजैक्शन असफल ही रही।

दो दिन बाद फिर कॉल किया

बार-बार ट्रांजैक्शन फेल होने पर गौरव ने महिला को पप्पू राम नाम के व्यक्ति की यूपीआई आइडी दी। महिला ने पप्पू राम की आईडी पर रकम भेज दी। गौरव ने रकम मिलने की बात स्वीकार कर ली तो ऐसे में महिला ने अपने भाई से बात नहीं की। तीन दिन बाद 27 जुलाई को महिला के पास गौरव ने दोबारा कॉल की और कहा कि गलती से उसके खाते में दो बार रकम आ गई है। इसे वह वापस करना चाहता है। उसने ट्रांजैक्शन न हो पाने की बात कहते हुए महिला से दूसरे बैंक की जानकारी मांगी। ताकि अन्य माध्यम से वह रकम भेज सके।

डिटेल देते ही आने लगे ओटीपी

बैंक विवरण देने के बाद महिला के मोबाइल पर फ्लिपकार्ट और फोनपे के ओटीपी आने लगे और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक हो गया। जानकारी करने पर पता चला कि महिला के साथ कुल एक लाख 89 हजार सौ रुपये की ठगी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल हैक कर ठगी की गई है। महिला ने जब अपने भाई से बात की तो उसने कहा कि उसके द्वारा किसी को भी पैसा ट्रांसफर करने के लिए नहीं कहा गया था। महिला का कहना है कि गौरव अब भी उसे संदीप नाम से कॉल कर रहा है और पैसे भेजने का दबाव बना रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments