अमृतसर ; अमृतसर में अकाल तख्त साहिब पर कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गर्गज्ज की ओर से पंजाब में आई बाढ़ के चलते सेवा कर रही विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की जा रही है। इस दौरान जत्थेदार ने समाजसेवी संस्थाओं के नेताओं से सुझाव लिए कि किस प्रकार सभी मिलकर पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद कर सकते हैं।
बैठक में बाढ़ पीड़ितों को भोजन, कपड़े, दवाइयों और अस्थायी आवास मुहैया कराने समेत राहत कार्यों को तेज करने पर चर्चा की जा रही है। कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने कहा कि यह समय एकता और सेवा का है, और सभी संस्थाओं को मिलकर काम करना चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज की हर संस्था अपनी जिम्मेदारी समझे और राहत कार्यों में सक्रिय भागीदारी करे। बैठक में उपस्थित समाजसेवी नेताओं ने विभिन्न योजनाएं साझा की और आपसी समन्वय के साथ काम करने का भरोसा दिलाया।
जत्थेदार ने प्रशासन, धार्मिक संस्थाओं और समाजसेवी संगठनों के साथ मिलकर प्रभावित इलाकों में सेवा कार्यों को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया। इस पहल से बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



