फरीदाबाद: फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने एक हथियार सप्लायर गौरव को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक देसी पिस्टल और 5 कारतूस को 65 हजार रूपए में बेचा था। जिससे प्रापर्टी डीलर के ऑफिस में काम करने वाले 26 वर्षीय युवक की ह्त्या की गई थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पल्ला थाना पुलिस के अनुसार शिवम कालोनी ईस्माईलपुर के रहने वाले सूरज (26) की 18 मई की रात करीब 1 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात उस उस समय की गई, जब सूरज बसंतपुर में दुर्गा बिल्डर के पास शराब के ठेके के पास खड़ा हुआ था। तभी उस पर गोलियां चलाई गई। गोली लगने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई थी।

मृतक सूरज का फाइल फोटो
65 हजार में बेचे थे हथियार
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गौरव गांव शाहदरा, नोएडा- उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। गौरव ने आरोपी रोहित नागर को 65 हजार रूपए में एक देसी पिस्टल और 5 कारतूस बेचे थे। जिसके बाद सूरज की हत्या कर दी गई। पुलिस इस मामले में 4 आरोपियों अजय, रोहित नागर, आकाश व रोहन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने आरोपी गौरव को भी आज कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुई थी हत्या
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूरज की मां संतोष ने मामला दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि 18 मई की रात को करीब एक बजे जब सूरज घर आ था। रास्ते में सुखराज, गुल्लू, आकाश, अन्नू भ़डाना, आकाश भडाना, लखन राजपूत व साहिल के साथ करीब 8 अन्य लोगों ने उसके बेटे की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।



