छात्रवृत्ति/शुल्कप्रतिपूर्ति योजना के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के संबंध में समय सारणी जारी
गौतमबुद्ध नगर : जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौतम बुद्ध नगर लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में पूर्वदशम्/दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत उच्च कक्षाओं में अध्ययन करने वाले उत्तर प्रदेश के मूल निवासी सामान्यवर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) दशमोत्तर/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत उच्च कक्षाओं में अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भत्ता एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान करने हेतु समय सारणी जारी कर दी गई है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि आगामी 07 जुलाई से 25 नवंबर 2025 तक प्रदेश में स्थित नवीन शिक्षण संस्थाओं द्वारा मास्टर डेटाबेस में सम्मिलित होने के लिए आवेदन करने की कार्रवाई विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी के माध्यम से किया जाना, उसके उपरांत जिला समाज कल्याण अधिकारी से पासवर्ड प्राप्त करना है। वाह्य प्रदेश में स्थित शासकीय/शासकीय सहायता प्राप्त नवीन शिक्षण संस्थाओं द्वारा मास्टर डेटाबेस में सम्मिलित होने के लिए आवेदन करना तथा योजना अधिकारी/नोडल अधिकारी मुख्यालय द्वारा पासवर्ड प्रदान किया जाना है। उन्होंने बताया कि मास्टर डाटा में पूर्व से सम्मिलित संस्थाओं (प्रदेश व वाह्य प्रदेश) द्वारा पाठ्यक्रम, पाठ्यक्रम का प्रकार, पाठ्यक्रमवार कुल सीटों की संख्या, सक्षम स्तर से निर्धारित शुल्क, पाठ्यक्रमवार एफिलिएटिंग एजेंसी/विश्वविद्यालय के नाम आदि सूचनाओं को अंकित/अद्यतन करके डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाणित करना है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग को छोड़कर) के छात्रों को पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा 9 व 10 के छात्र 2 जुलाई से 30 अक्टूबर 2025 तक एवं कक्षा 11 व 12 में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं हेतु आवेदन करने की तिथि 10 जुलाई 2025 से 20 दिसंबर 2025 तक आवेदन करने की तिथि शासन द्वारा निर्गत समय सारणी के अनुसार निर्धारित की गयी है। जिसके अनुसार छात्रवृत्ति भुगतान के संबंध में कार्रवाई संचालित की जाएगी।



