नोएडा: नोएडा में पुलिस और वाहन चोरों के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। दोनों बदमाशों के खिलाफ बुलंदशहर, अलीगढ़ और नोएडा में कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मिलकर वाहनों को चुराते थे।
सेक्टर-49 पुलिस सोमवार देररात मेघदूतम पार्क तिराहा सेक्टर-50 के पास चेकिंग कर रही थी। सामने से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया। कार चालक ने करीब 50 मीटर पहले ही अपनी कार रोक दी। उसमें से दो लोग उतर कर भागने का प्रयास करने लगे। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा 200 मीटर तक पीछा किया गया। बदमाशों ने अपने आपको घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया।
जवाबी एक्शन में बदमाश को लगी गोली
पुलिस ने जवाबी एक्शन लिया और फायर किया। एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। इसकी पहचान जोगेन्द्र तोमर पुत्र चन्द्रपाल तोमर निवासी ग्राम हामिदपुर अलीगढ़ हुई। इसकी उम्र करीब 35 साल के आसपास है। इसके कब्जे से 01 तमंचा 2000 रुपए नकद बरामद किए गए है।
इसके अन्य साथी को पुलिस टीम ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया। इसकी पहचान दानिश पुत्र अबरार निवासी गोविंदनगर, अलीगढ़ हुई। इसकी उम्र 32 साल है। इसके कब्जे से 2200 रुपए नकद बरामद किए गए है।
बिना नंबर सेंट्रो से करती थे चोरी
इनके कब्जे से सेंट्रो कार बिना नंबर प्लेट बरामद की गई। ये सेंट्रो कार का प्रयोग वाहन चोरी में करते है। इनकी निशानदेही पर बोलेरो पिकअप गाड़ी व अन्य गाड़ियों के कुछ स्पेयर पार्ट्स भी बरामद किए गए है। थाना सेक्टर-49 पर बरामद रुपए के संबंध में व बोलेरो पिकअप के संबंध में मुकदमा दर्ज है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।



