पटना : पटना के फतुहा के मोहम्मदपुर गांव में शुक्रवार को थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की लपटें 10 फीट दूर से महसूस की जा रही थीं। 1 किलोमीटर दूर तक धुआं दिखाई दे रहा था।
बताया जा रहा है कि आग लगने के वक्त फैक्ट्री में 60-70 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना की सूचना अग्निशमन को दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग पर 3 घंटे में काबू पाया गया।
आसपास के लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। अंदर काम कर रहे लोगों को आनन-फानन में बाहर निकाला गया।
मजदूर बिंदू ने बताया कि ‘हमलोग काम कर रहे थे। अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। यह आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। थर्माकोल से बने सामान गलने लगा। फिर तेज आग की लपटें फैल गई। हम लोग किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले है।’
शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में लगी आग
फैक्ट्री के मालिक मनीष कुमार ने बताया कि ‘शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ है। गोदाम में पीछे से आग लगी है। हमारे यहां फोम बनता है, इसलिए आग की लपटें तेज हो गई। जिस समय आग लगी, उस समय 60 से 70 लोग फैक्ट्री में काम कर रहे थे।
हालांकि, सब लोग पहले ही निकल गए। सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा गया है। दूसरे रास्ते से सभी लोगों को निकाल लिया गया। हमारे स्टाफ ने ही सबसे पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की। फिर फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां पहुंची। इसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। एक करोड़ का नुकसान होने की आशंका है।’
SDPO 1 अवधेश प्रसाद ने बताया कि ‘एक बजे के आसपास फैक्ट्री में आग लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची। 15 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझा ली है। आग लगने का कारण पता किया जा रहा है।’



