अमृतसर: पंजाब विजिलेंस ने पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी आय से अधिक संपत्ति के केस में की गई है। अमृतसर से गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस की टीम मजीठिया को मोहाली ले गई। जहां उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। विजिलेंस ने बिक्रम मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 आईपैड, 8 डायरियां और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
विजिलेंस की टीम बुधवार सुबह SSP लखबीर सिंह की अगुआई में मजीठिया के अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू स्थित घर पर पहुंची। इस दौरान मजीठिया की विजिलेंस टीम से भी बहस हुई। जिसके वीडियो मजीठिया ने सोशल मीडिया पर जारी किए।
मजीठिया ने कहा कि सारी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। मगर, वह इससे डरने वाले नहीं हैं। मजीठिया की विधायक पत्नी गनीव कौर ने कहा कि विजिलेंस टीम ने घर में जबरन घुसकर धक्कामुक्की की है।
इस मामले पर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो लोग सबसे पहले पंजाब में नशा लाए, वे दूसरी पार्टी में मंत्री थे और खुद तस्करों को पनाह देते थे। अब पंजाब में संदेश साफ है। चाहे जितना बड़ा नेता हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
विजिलेंस सूत्रों के मुताबिक मजीठिया पर दर्ज यह नया मामला उनके नशा तस्करी के पुराने केस से जुड़ा हुआ है। हालांकि अभी तक विजिलेंस ने औपचारिक जानकारी नहीं दी है।
वहीं आम आदमी पार्टी की ओर जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि अमृतसर में 11, तरनतारन- 4, संगरूर 3 और लुधियाना में 2 जगह पर विजिलेंस की छापेमारी की गई है।
केंद्रीय राज्य मंत्री व भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान द्वारा विजिलेंस का दुरुपयोग करना बहुत ही तुच्छ राजनीति का सबूत है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर जो किया, भगवंत मान ने पंजाब में वही किया है। जो भी नेता सरकार की विफलताओं या उसकी वैधता पर सवाल उठाने की हिम्मत करता है, उसे धमकाया जाता है और चुप करा दिया जाता है। भगवंत मान, आप पंजाब के लोगों के लिए जो कांटे बो रहे हैं, वे तो आप हैं ही, लेकिन आप अपनी निजी जिंदगी में जो कांटे बो रहे हैं, उन्हें 2027 के बाद निकालना मुश्किल हो जाएगा
मजीठिया की गिरफ्तारी पर पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा- पंजाब में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ एक बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। जब अकाली दल और भाजपा सत्ता में थे, जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी। तब इन लोगों ने नशा बेचा और पंजाब के युवाओं को नशे की ओर धकेला। इन्होंने पंजाब के लोगों को नशे की लत लगाने का काम किया। आम आदमी पार्टी की सरकार इसके खिलाफ लड़ रही है। कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। कोई भी व्यक्ति जो नशे के कारोबार में शामिल था, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



