नोएडा : स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस परेड रिहर्सल के चलते 12 अगस्त की रात 10 बजे से 13 अगस्त की दोपहर एक बजे तक दिल्ली में मालवाहक वाहन नहीं जा सकेंगे। ऐसे में नोएडा से दिल्ली होकर अलग-अलग स्थानों को जाने वाले वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल के जरिए निकाला जाएगा।
डीसीपी यातायात लखन यादव ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वाहनों को बॉर्डर से पहले ही लौटाया जाएगा। अगर कोई वाहन बॉर्डर तक पहुंचता है तो उसे यू-टर्न कराकर वापस भेजा जाएगा। सड़क पर हल्के, मध्यम और भारी मालवाहक वाहन को खड़े नहीं होने दिया जाएगा।
व्यवस्था बनाने के लिए चिल्ला, कालिंदी कुंज, डीएनडी, जीरो प्वाइंट आदि जगह पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। यही व्यवस्था 14 अगस्त की रात से 15 अगस्त की दोपहर तक लागू रहेगी। यातायात संबंधी दिक्कत होने पर लोग हेल्पलाइन नंबर-9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।



