नोएडा : ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने फौजी दामाद पर रेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उनके पति का देहांत 2013 में हुआ था। उन्होंने 2018 में अपनी इकलौती बेटी की शादी खुर्जा के एक आर्मी जवान से की थी। शादी के लिए उन्होंने अपनी जमीन बेचकर 25 लाख रुपए खर्च किए थे।
महिला के अनुसार, 2019 में वह अपने दामाद के साथ कार से दिल्ली जा रही थीं। रास्ते में एक होटल में खाने के लिए रुके। आरोप है कि दामाद ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे महिला बेहोश हो गईं।
आरोपी दामाद ने बेहोशी की हालत में होटल के कमरे में ले जाकर रेप किया। साथ ही अश्लील वीडियो भी बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार रेप किया।
कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि महिला की बेटी और दामाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



