Friday, March 6, 2026
spot_img
Homeग्रेटर नोएडानोएडा में रिटायर्ड मेजर जनरल 47 मिनट तक डिजिटल अरेस्ट

नोएडा में रिटायर्ड मेजर जनरल 47 मिनट तक डिजिटल अरेस्ट

पार्सल में ड्रग्स-मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर 37.68 लाख ऐंठे
नोएडा। नोएडा में लाखों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पार्सल में ड्रग्स और कई पासपोर्ट की बात कहकर जालसाज ने सेवानिवृत्त मेजर जनरल के साथ 37.68 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की है।
पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि करीब 47 मिनट तक पीड़ित को जालसाज ने डिजिटल अरेस्ट करके रखा था।
अनजान नंबर से आया फोन
साइबर क्राइम थाने में दी शिकायत में ग्रेटर नोएडा निवासी सेवानिवृत्त मेजर जनरल अमरजीत सिंह ने बताया कि रविवार को शाम साढ़े चार बजे के करीब उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई।
कॉलर ने कहा कि वह मुंबई से बोल रहा है और शिकायतकर्ता के नाम पर चार मई को एक कोरियर आया है। जिसमें 200 ग्राम ड्रग्स और पांच पासपोर्ट समेत अन्य सामान है।
उसने पार्सल में तीन क्रेडिट कार्ड और कपड़े होने की भी बात कही। जालसाज ने कहा कि कोरियर भेजने के लिए पीड़ित की आधार आईडी का प्रयोग किया गया है।
उसने आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर भी बताया। जिसके बाद पीड़ित को विश्वास हो गया। पीड़ित ने कॉलर से कहा कि उनका इस कोरियर से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद उसने कॉल को साइबर क्राइम सेल में स्थानांतरित कर दी।
दबाव बनाकर लाखों की रकम ट्रांसफर कराई
मामला ड्रग्स तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट का बताकर पीड़ित को भयभीत कर दिया गया। साइबर ठगों ने एक राजनेता के बारे में शिकायतकर्ता को बताया कि वह मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल में हैं।
उन्होंने एक फर्जी एफआईआर भी दिखाई। ठगों ने जांच करने के लिए उन्हें मुंबई बुलाया। जालसाज के कहने पर पीड़ित ने दबाव में आकर दो बार में 37,68,510 रुपए की रकम ट्रांसफर कर दी। कॉल 37 मिनट 45 सेकेंड तक जारी रही।
इस दौरान जालसाज ने पीड़ित को कॉल छोड़कर बाहर नहीं जाने दिया। जालसाज ने जब पीड़ित पर और पैसे भेजने का दबाव बनाया, तो उसे ठगी की आशंका हुई। पैसे वापस मांगने पर जालसाज ने पीड़ित से संपर्क तोड़ दिया। साइबर क्राइम थाने के प्रभारी ने बताया कि नाइजीरियन गिरोह द्वारा ठगी की वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। बीते कई माह से सुस्त पड़े नाइजीरियन गिरोह के जालसाज फिर से एक्टिव हो गए हैं और लगातार ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बीते दिनों जालसाज ने एक बुजुर्ग महिला डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर उनके साथ 45 लाख रुपए की ठगी की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments